विद्यार्थियों को मिल रहा उद्योग आधारित कौशल प्रशिक्षण
ग्रेटर नोएडा। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) एवं फूड इंडस्ट्री काउंसिल फॉर स्किल्स एंड इनोवेशन (एफआईसीएसआई) के संयुक्त तत्वावधान में विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता और उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास के उद्देश्य से संचालित ‘सेल्स एसोसिएट–फूड इंडस्ट्री’ प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक जारी है।
यह कार्यक्रम शिक्षा और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता और पेशेवर कौशल प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इसमें बीबीए एवं बी.कॉम. अंतिम सेमेस्टर के विद्यार्थियों को फूड इंडस्ट्री की बदलती जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रत्येक बैच में 20 से 25 विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है, जबकि 30 कार्य दिवसों में कुल 200 घंटे का गहन प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को सेल्स एवं ग्राहक सहभागिता, मार्केटिंग की मूलभूत अवधारणाएं, प्रभावी संचार कौशल, प्रस्तुतीकरण क्षमता, पेशेवर विकास, फूड इंडस्ट्री का परिचय एवं उद्योग अभिमुखीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण स्किल इंडिया एवं राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) द्वारा प्रमाणित प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है।
कार्यक्रम पूर्ण होने के बाद विद्यार्थियों को खाद्य एवं एफएमसीजी क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों जैसे टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड, नेस्ले इंडिया और आईटीसी लिमिटेड में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने कहा कि उद्योग और शिक्षा जगत के बीच इस तरह का सहयोग विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों में रोजगारोन्मुखी कौशल विकसित करने के साथ उन्हें उद्योग की वास्तविक कार्यप्रणाली से जोड़ते हैं।
एफआईसीएसआई की सीनियर मैनेजर पुष्पिता राणा ने कहा कि संरचित प्रशिक्षण, नियमित मूल्यांकन, अतिथि व्याख्यान, मार्केट विजिट और प्लेसमेंट सहायता के माध्यम से यह कार्यक्रम फूड इंडस्ट्री के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करने में सहायक होगा।
वहीं, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, जीबीयू की डीन डॉ. इंदु उप्रेती ने कहा कि यह सहयोग विश्वविद्यालय और उद्योग जगत के बीच मजबूत साझेदारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव, उद्योग exposure और बेहतर करियर अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय द्वारा संचालित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर, कुशल और रोजगार के लिए तैयार बनाने की दिशा में एक प्रभावी पहल के रूप में उभर रहा है।






