शिवपुरी। शिवपुरी जिले के विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज माननीय केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ जिले में ₹211 करोड़ की लागत से 38 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर करेरा, खनियांधाना और गणेश खेड़ा में नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालयों के भवनों का भी लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शिवपुरी के समग्र विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। नगर में भगवान शिव की 108 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिसके साथ एक आकर्षक टूरिज्म सेंटर भी विकसित किया जाएगा। इस परियोजना से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ग्वालियर मेडिकल कॉलेज में राजमाता विजयाराजे सिंधिया के नाम पर सुपर स्पेशलिटी सेंटर, सीटी स्कैन यूनिट एवं कार्डियोलॉजी यूनिट की स्थापना की जाएगी। वहीं शिवपुरी जिला अस्पताल में बच्चों के उपचार के लिए 200 बिस्तरों वाला सर्वसुविधायुक्त अस्पताल भी प्रारंभ किया जाएगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
शहर की बढ़ती यातायात समस्या के समाधान के लिए 14 किलोमीटर लंबे फोरलेन (सर्कुलर रोड) का निर्माण कराया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था सुगम होगी और नगर के विकास को नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि इन विकास परियोजनाओं से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में व्यापक बदलाव आएगा तथा शिवपुरी विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।






