ग्रेटर नोएडा। थाना बिसरख पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित हाथी दांत की अवैध तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 1450 ग्राम वजनी प्रतिबंधित हाथी दांत बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को लोकल इंटेलिजेंस एवं गोपनीय सूचना के आधार पर थाना बिसरख पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने न्यू हैबतपुर कब्रिस्तान के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान राजेन्द्र पुत्र चन्द्रपाल तथा संदीप पुत्र हरीमंगल को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1450 ग्राम वजनी प्रतिबंधित हाथी दांत बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी राजेन्द्र मूल रूप से जनपद बुलंदशहर का निवासी है और वर्तमान में हरियाणा के बहादुरगढ़ क्षेत्र में रह रहा था, जबकि दूसरा आरोपी संदीप जनपद बस्ती का मूल निवासी है और वर्तमान में खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद में निवास कर रहा है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस संबंध में थाना बिसरख पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस एवं वन विभाग आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटे हैं कि हाथी दांत की तस्करी का नेटवर्क कितना बड़ा है तथा इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों एवं उनके अंगों की अवैध तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।






