गौतमबुद्धनगर, शासन की मंशा के अनुरूप जनसामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित, प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को जनपद की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 171 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 13 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी ने की। उन्होंने स्वयं फरियादियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाए। तहसील सदर में कुल 17 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का स्थलीय सत्यापन कर निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन जनसामान्य की समस्याओं के समाधान के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है और प्रत्येक शिकायतकर्ता की संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के शत-प्रतिशत एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के भी निर्देश दिए और कहा कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, एसीपी ग्रेटर नोएडा-III डॉ. रवि शंकर मिश्र, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, तहसीलदार सदर अजय कुमार, नायब तहसीलदार ज्योत्सना सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में तहसील जेवर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 72 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वहीं तहसील दादरी में उप जिलाधिकारी अनुज नेहरा की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 82 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।
जनपद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।






