ग्रेटर नोएडा, साकीपुर। शेष 4% प्लॉट की मांग को लेकर चल रहे किसान आंदोलन को रविवार को उस समय नई मजबूती मिली, जब ग्राम साकीपुर में आयोजित किसानों की बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, किसानों एवं युवाओं ने आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया। बैठक में लंबे समय से लंबित 4% प्लॉट के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा करते हुए आगामी रणनीति तय की गई।
बैठक में उपस्थित किसानों ने कहा कि वर्षों से प्रभावित किसान अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों का न्यायपूर्ण समाधान नहीं हो सका है। किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक शेष 4% प्लॉट का आवंटन नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 20 जुलाई को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर प्रस्तावित अनशन में ग्राम साकीपुर से बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे। ग्रामीणों ने आसपास के सभी प्रभावित गांवों से भी अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आंदोलन को मजबूत और सफल बनाने का आह्वान किया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वक्ताओं ने कहा कि यह संघर्ष केवल 4% प्लॉट की मांग तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों के अधिकार, सम्मान और न्याय की लड़ाई है। किसानों ने एकजुटता बनाए रखते हुए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित किसानों ने एक स्वर में आंदोलन को मजबूत करने और 20 जुलाई के अनशन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया।






