24 घंटे में कार्रवाई न हुई तो 7 जुलाई से आमरण अनशन
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों को हिरासत में लिए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। सामाजिक कार्यकर्ता सविता शर्मा कासना ने इस प्रकरण में निष्पक्ष जांच, कर्मचारियों की सम्मानजनक रिहाई तथा उनकी न्यायोचित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं प्रशासन को प्रार्थना-पत्र सौंपा है।
सविता शर्मा ने कहा कि सफाई कर्मचारी पिछले पांच दिनों से शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे थे। उनका उद्देश्य सरकार द्वारा घोषित श्रमिक अधिकारों एवं सुविधाओं को लागू कराना तथा अपनी समस्याओं का समाधान कराना था। ऐसे में यदि कर्मचारियों को बिना पर्याप्त कानूनी आधार या निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए हिरासत में लिया गया है, तो पूरे मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जानी चाहिए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने मांग की कि जिन कर्मचारियों के विरुद्ध कोई विधिसम्मत आधार नहीं है, उन्हें तत्काल सम्मानपूर्वक रिहा किया जाए तथा उनकी संवैधानिक स्वतंत्रता और अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रशासन सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता कर उनकी न्यायोचित मांगों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करे।
सविता शर्मा ने कहा कि भविष्य में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक विरोध-प्रदर्शन करने वाले नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए और प्रशासन को संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकालना चाहिए।
उन्होंने घोषणा की कि यदि 24 घंटे के भीतर इस मामले में सकारात्मक एवं न्यायसंगत कार्रवाई प्रारंभ नहीं होती है, तो वह 7 जुलाई 2026 को प्रातः 11:00 बजे से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य द्वार पर सफाई कर्मचारियों के समर्थन में आमरण अनशन प्रारंभ करेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में होगा और इसका उद्देश्य सफाई कर्मचारियों को न्याय दिलाना है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सविता शर्मा ने शासन एवं प्रशासन से इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र निष्पक्ष कार्रवाई करने की अपील की है।






