तहसील सदर में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में किसान सभा का प्रदर्शन, आरोपी लेखपाल पर कार्रवाई की मांग
ग्रेटर नोएडा। तहसील सदर में कथित रूप से व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में अखिल भारतीय किसान सभा ने सोमवार को सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ जोरदार प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। संगठन ने सूरजपुर क्षेत्र की एक लेखपाल पर सत्यापन के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की।
किसान सभा के अनुसार, संगठन के सक्रिय सदस्य ओम दत्त शर्मा ने ग्राम सूरजपुर स्थित अपने मकान के संबंध में बैंक ऋण के लिए सत्यापन कराया जाना था। आरोप है कि संबंधित लेखपाल ममता चौधरी ने अपने ड्राइवर के माध्यम से सत्यापन के बदले धनराशि की मांग की। इसकी सूचना मिलने पर किसान सभा के सैकड़ों कार्यकर्ता तहसील सदर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान किसान सभा के प्रतिनिधिमंडल ने एसीपी एवं तहसीलदार अजय को पूरे मामले से अवगत कराया। संगठन की ओर से आरोपी लेखपाल के विरुद्ध लिखित शिकायत एवं संबंधित बयान भी प्रशासन को सौंपे गए तथा निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि तहसील में भ्रष्टाचार की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं और आम नागरिकों से विभिन्न कार्यों के लिए धन की मांग किए जाने के आरोप लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नागर ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।
महासचिव संदीप भाटी ने कहा कि संगठन भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रही हैं तो उन पर प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
किसान सभा के प्रवक्ता एवं सह-संयोजक जगबीर नंबरदार ने कहा कि संगठन भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति पर कार्य करता है और किसानों तथा आम नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
किसान सभा ने प्रशासन को एक सप्ताह का समय देते हुए मांग की है कि शिकायत की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि में उचित कार्रवाई नहीं होने पर व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।
प्रदर्शन में मुकेश खेड़ी, डॉ. जगदीश, विनोद नागर, नरेश नागर, शिशांत भाटी, अमित भाटी, जोगिंदर प्रधान, अजब सिंह भाटी, धर्मेंद्र भाटी (एडवोकेट), गुरप्रीत (एडवोकेट), देशराज राणा, रोहित भाटी, नितिन चौहान, राहुल नागर, सोनू समानिया, अशोक भाटी सहित बड़ी संख्या में किसान सभा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






