भाकियू (कृषक) ने भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष नबाब सिंह नागर को सौंपा 7 सूत्रीय ज्ञापन, किसानों की समस्याओं के समाधान की उठाई मांग
ग्रेटर नोएडा। भारतीय किसान यूनियन (कृषक) के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय संगठन मंत्री हरवीर सिंह के नेतृत्व में भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष नबाब सिंह नागर से उनके नोएडा स्थित आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान संगठन पदाधिकारियों ने उन्हें पगड़ी पहनाकर सम्मानित करते हुए शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र के किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर 7 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
भारतीय किसान यूनियन (कृषक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण नागर ने बताया कि ज्ञापन में किसानों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है। इनमें सर्किल रेट में बढ़ोतरी, आबादियों का निस्तारण, किसानों को 10 प्रतिशत विकसित भूखंड का लाभ, नए भूमि कानून का प्रभावी क्रियान्वयन, क्षेत्रीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सहित अन्य मांगें शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने के उद्देश्य से संगठन ने भाजपा नेतृत्व के समक्ष अपनी मांगें रखी हैं, ताकि संबंधित विषयों पर सरकार स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नबाब सिंह नागर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इन मुद्दों के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर हरवीर सिंह, प्रताप नागर, ऋषिपाल कसाना, सतपाल नागर, जीतू गुर्जर, देवेंद्र कसाना, सरजीत नागर, राकेश अवाना, रविंद्र भाटी, मनीष शर्मा सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






