- सीएम योगी ने स्वच्छ व हरित विद्यालयों के 12 प्रधानाचार्यों को किया सम्मानित, 15 शिक्षकों को सौंपे कैशलेस चिकित्सा कार्ड
- वाराणसी में सीएम योगी ने उत्कृष्ट प्रधानाचार्यों का किया सम्मान, बच्चों की प्रतिभा की सराहना
- स्वच्छ विद्यालयों को मिला सम्मान, सीएम योगी ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह और बांटी चॉकलेट
- सीएम योगी ने स्वच्छ विद्यालय अभियान के उत्कृष्ट प्रधानाचार्यों को किया सम्मानित, शिक्षकों को दिए स्वास्थ्य सुरक्षा कार्ड

वाराणसी,
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ एवं हरित विद्यालय अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले उत्तर प्रदेश के 12 प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया। स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, शौचालय, हाथ धुलाई, रखरखाव तथा बेहतर विद्यालयीय वातावरण विकसित करने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले इन विद्यालयों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन किया गया है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने परिषदीय विद्यालयों के बच्चों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न शैक्षिक मॉडलों और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उनका नाम, कक्षा और मॉडल से जुड़ी जानकारी ली। बच्चों की प्रतिभा और जिज्ञासा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें चॉकलेट भी भेंट की। दिव्यांग बच्चों से भी मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने निपुण भारत अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्राथमिक स्तर पर बच्चों में भाषा और गणित की दक्षता विकसित करने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन है कि प्रत्येक बच्चा अपने क्षेत्र में दक्ष और आत्मविश्वासी बने, क्योंकि मजबूत राष्ट्र की नींव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही तैयार होती है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की उपस्थिति में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग तथा भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के बीच सामाजिक सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण एमओयू का आदान-प्रदान भी किया गया। इस दौरान अपर मुख्य सचिव पार्थसारथी सेन शर्मा और एसबीआई लखनऊ सर्किल के सीजीएम दीपेश राज मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना के अंतर्गत 15 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी वितरित किए। इनमें बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षक, शिक्षामित्र, रसोइया एवं शिक्षिकाओं के साथ एक शिक्षक नरेंद्र कुमार मौर्य के परिवार के चार सदस्यों को भी चिकित्सा कार्ड प्रदान किए गए, जिससे योजना के पारिवारिक लाभ का संदेश दिया जा सके।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के साथ-साथ शिक्षकों, कर्मचारियों और उनके परिवारों की सामाजिक एवं स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। स्वच्छ, हरित और आधुनिक विद्यालयों का निर्माण तथा शिक्षकों का सम्मान प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






