हजारों शिक्षकों को मिली स्वास्थ्य सुरक्षा और छात्रों के खातों में पहुंची डीबीटी राशि
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा एवं छात्र हितों को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का जनपद गौतम बुद्ध नगर में भव्य शुभारंभ किया गया। आईआईएमटी कॉलेज, ग्रेटर नोएडा में आयोजित कार्यक्रम में वाराणसी से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राज्य स्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक देखा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कुमार कश्यप ने जनपद के शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड वितरित किए और इसे शिक्षकों के सम्मान, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में प्रदेश सरकार का ऐतिहासिक निर्णय बताया।
उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से गौतम बुद्ध नगर के 4,426 शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी। साथ ही, परिषदीय विद्यालयों के 58,510 छात्र-छात्राओं के खातों में यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी के लिए ₹1200 प्रति छात्र की धनराशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शिक्षक ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आधारशिला हैं और सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यक्रम में जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना जनपद के हजारों शिक्षकों के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ 3,089 बेसिक शिक्षक, 634 शिक्षामित्र, 38 अंशकालिक अनुदेशक, 23 कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के शिक्षक, 15 विशेष शिक्षक तथा 627 माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक एवं उनके परिवारों को मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल शिक्षकों के स्वास्थ्य संरक्षण के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी।
कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप ने शिक्षा विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न शैक्षिक स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए नवाचार आधारित शिक्षण मॉडल, टीएलएम (Teaching Learning Material) एवं गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता बढ़ाने के साथ शिक्षा को अधिक प्रभावी और व्यवहारिक बनाते हैं।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, आईआईएमटी के अध्यक्ष डॉ. मयंक अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जनपद के अन्य स्थानों पर भी मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं डीबीटी वितरण समारोह आयोजित किए गए। दादरी के मिहिर भोज बालिका इंटर कॉलेज में विधायक तेजपाल नागर एवं नगर पालिका अध्यक्ष गीता पंडित की उपस्थिति में तथा जेवर के प्रज्ञान स्कूल एवं डायट दनकौर में भी कार्यक्रम आयोजित कर योजना के लाभार्थियों को जानकारी एवं लाभ प्रदान किए गए।






