पाँच वर्षीय कार्यकाल पूर्ण होने के बाद अमित कुमार बने जिला पंचायत गौतमबुद्धनगर के प्रशासक
शासन के आदेश पर जिलाधिकारी ने दिलाया कार्यभार, ग्रामीण विकास एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का लिया संकल्प
उत्तर प्रदेश शासन के पंचायतीराज अनुभाग-2 द्वारा जारी शासनादेश के अनुपालन में जिला पंचायत गौतमबुद्धनगर के निर्वाचित बोर्ड का पाँच वर्षीय कार्यकाल पूर्ण होने के उपरांत आगामी जिला पंचायत के सामान्य निर्वाचन संपन्न होने अथवा शासन द्वारा निर्धारित अवधि तक के लिए माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष अमित कुमार को जिला पंचायत गौतमबुद्धनगर का प्रशासक नियुक्त किया गया है।
शासन के निर्देशानुसार जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर ने अमित कुमार को विधिवत प्रशासक का कार्यभार ग्रहण कराया। इस अवसर पर अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत गौतमबुद्धनगर प्रियंका चतुर्वेदी द्वारा कार्यभार ग्रहण से संबंधित समस्त प्रशासनिक एवं वैधानिक औपचारिकताएँ नियमानुसार पूर्ण कराई गईं।
कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात प्रशासक अमित कुमार ने उत्तर प्रदेश शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें सौंपे गए दायित्व का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत के माध्यम से संचालित सभी विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की निरंतरता बनाए रखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, स्वच्छ एवं उत्तरदायी प्रशासन तथा जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने यह भी कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर ग्रामीण जनता को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी।
जिला पंचायत प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासक अमित कुमार के नेतृत्व में विकास कार्यों की गति निरंतर बनी रहेगी तथा ग्रामीण विकास, आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित होगा।






