4% प्लॉट की मांग को लेकर रायपुर बंगर के किसानों ने भरी हुंकार, 20 जुलाई के अनशन में बड़ी भागीदारी का ऐलान
ग्रेटर नोएडा। रायपुर बंगर गांव में शेष 4 प्रतिशत प्लॉट से वंचित किसानों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों, बुजुर्गों, युवाओं एवं महिलाओं ने भाग लिया। बैठक में किसानों ने अपने वैधानिक अधिकारों की प्राप्ति के लिए संघर्ष को और तेज करने तथा एकजुट होकर आंदोलन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि गांव के सभी प्रभावित किसान 20 जुलाई को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर प्रस्तावित अनशन में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे और आंदोलन को सफल बनाने के लिए हर संभव सहयोग करेंगे।
वक्ताओं ने कहा कि शेष 4 प्रतिशत प्लॉट किसानों का वैधानिक अधिकार है और इसे प्राप्त करने तक संघर्ष लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि आंदोलन को व्यापक स्वरूप देने के लिए ग्रेटर नोएडा के सभी 44 गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसानों को इस जनआंदोलन से जोड़ा जा सके।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बैठक के अंत में किसानों ने रायपुर बंगर के सभी ग्रामीणों का आयोजन को सफल बनाने और आंदोलन के प्रति अपना समर्थन देने के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही सभी प्रभावित किसानों से अपील की गई कि वे 20 जुलाई को अधिक से अधिक संख्या में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पहुंचकर अनशन को सफल बनाएं और अपने अधिकारों की इस लड़ाई को मजबूती प्रदान करें।






