19 जुलाई को होगी सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (CAPF) परीक्षा-2026, गौतमबुद्धनगर के 4 केंद्रों पर प्रशासन ने कसी कमर
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), नई दिल्ली द्वारा आयोजित सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (CAPF) परीक्षा-2026 को जनपद
गौतमबुद्धनगर में 19 जुलाई (रविवार) को चार परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित किया जाएगा। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं नकल-विहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर, केंद्र व्यवस्थापकों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ परीक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में एडीएम ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी संघ लोक सेवा आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अपनी तैयारियां समय से पूर्ण करें तथा परीक्षा दिवस पर निर्धारित समय से पहले अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा को पारदर्शी, सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसरों को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सभी मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। किसी भी प्रकार की तकनीकी या व्यवस्थागत कमी पाए जाने पर तत्काल उसका समाधान कराने को कहा गया।
पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश के समय इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स एवं प्रतिबंधित सामग्री की सघन जांच की जाए, जिससे परीक्षा की शुचिता बनी रहे।
बैठक के दौरान संघ लोक सेवा आयोग द्वारा नामित अधिकारी मुकेश मीणा ने आयोग के मानकों एवं परीक्षा संचालन संबंधी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी अधिकारियों को प्रदान की।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बैठक में डीसीपी मुख्यालय शव्या गोयल, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट, लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर, केंद्र व्यवस्थापक तथा जिला एवं पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
परीक्षा का समय:
- प्रथम पाली: प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक
- द्वितीय पाली: अपराह्न 2:00 बजे से 5:00 बजे तक
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करते हुए परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।






