श्रावण शिवरात्रि एवं कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों पर जिलाधिकारी सख्त, सभी विभागों को समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश
गौतमबुद्धनगर,
आगामी श्रावण शिवरात्रि एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा मार्गों पर चल रहे विकास एवं सुरक्षा संबंधी कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान खेरली नहर, जारचा-समाना रोड, एनएचएआई जीटी रोड, लाल कुआं-दादरी मार्ग तथा समतल चौकी सहित प्रमुख कांवड़ मार्गों पर गड्ढों की मरम्मत, झाड़ियों की सफाई, जलभराव की समस्या के समाधान, यातायात प्रबंधन, अतिक्रमण हटाने, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की प्रगति का आकलन किया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जिन विभागों ने अब तक अपनी अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की है, वे तत्काल रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को कांवड़ मार्गों पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर की गई कार्रवाई की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में जारचा-समाना रोड पर लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने, समतल चौकी ग्रेटर कट क्षेत्र में कराए गए कार्यों की स्थिति स्पष्ट करने तथा खेरली नहर पुल, दनकौर पर बैरिकेडिंग एवं साइन बोर्ड लगाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
लाल कुआं-दादरी जीटी रोड पर जलभराव की समस्या के समाधान को लेकर एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि चिन्हित स्थानों पर चार डी-वाटरिंग टैंक तैनात किए गए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने सभी टैंकों के चालकों का विवरण, वाहन संख्या एवं तैनाती स्थलों की सूची तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त स्थलीय निरीक्षण करने तथा शेष कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी रजनीकांत मित्तल, ओएसडी नोएडा इन्दु प्रकाश सिंह, अधिशासी अधिकारी दादरी शालिनी गुप्ता सहित सिंचाई, विद्युत, लोक निर्माण विभाग, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए समन्वित एवं संवेदनशील दृष्टिकोण के साथ कार्य किया जाए, ताकि कांवड़ यात्रा-2026 शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।






