₹5 लाख आर्थिक सहायता, आवास और सभी पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ देने के निर्देश, विवेचना में लापरवाही पर कार्रवाई के आदेश
गाजियाबाद, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेरठ की दिवंगत दलित छात्रा ललिता गौतम के परिजनों से गाजियाबाद स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में मुलाकात कर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि इस जघन्य अपराध में शामिल एक भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता और दृढ़ता के साथ खड़ी है तथा उन्हें न्याय दिलाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले की विवेचना निष्पक्ष, त्वरित और प्रभावी ढंग से पूरी की जाए तथा अभियोजन की मजबूत पैरवी कर दोषियों को कठोरतम दंड दिलाया जाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विवेचना में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि न्याय प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पीड़ित परिवार को तत्काल राहत प्रदान करते हुए मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से ₹5 लाख की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही मृतका के पिता तथा परिवार के एक अन्य पात्र सदस्य को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ देने तथा आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड सहित सभी पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद मृतका के पिता वेदप्रकाश और भाई प्रशांत ने सरकार पर विश्वास जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने पूरे धैर्य और आत्मीयता के साथ उनकी बात सुनी तथा आश्वासन दिया कि इस जघन्य अपराध में शामिल कोई भी अपराधी बच नहीं पाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद परिवार का न्याय व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत हुआ है।
इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री एवं मेरठ के जिला प्रभारी मंत्री असीम अरुण सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






