मुख्यमंत्री योगी ने श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मंदिर में किया जलाभिषेक, प्रदेश की सुख-समृद्धि व लोककल्याण की कामना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जनपद भ्रमण के दौरान ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व के श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मठ मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं विशेष पूजन-अर्चन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, आरोग्य एवं लोकमंगल की कामना करते हुए भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में स्थित शिवलिंगों एवं नंदी महाराज के दर्शन कर पुष्प अर्पित किए तथा मठ में विराजमान संत-महात्माओं से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना। वैदिक मंत्रोच्चार और शिव स्तुति के बीच संपन्न हुए पूजन कार्यक्रम से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस दौरान मुख्यमंत्री ने वेदाध्ययन कर रहे बटुकों एवं संस्कृत विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि “संस्कृत केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारत की सनातन ज्ञानधारा की वाहिका है। हमारी सांस्कृतिक चेतना, आध्यात्मिक विरासत और वैदिक परंपरा का संरक्षण संस्कृत के माध्यम से ही संभव हुआ है।”
मुख्यमंत्री ने मंदिर एवं मठ परिसर की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया तथा श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। मंदिर आगमन पर वेदपाठी बटुकों ने वैदिक स्वस्तिवाचन एवं पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संत समाज के साथ प्रदेश में शांति, सद्भाव, सांस्कृतिक उत्थान और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की। कार्यक्रम में मंदिर के पीठाधीश्वर, संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






