यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का शंखनाद, उद्घाटन समारोह के टिकट लॉन्च; ऋषभ रिखीराम शर्मा और जैस्मीन सैंडलास की प्रस्तुति होगी आकर्षण का केंद्र
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से आयोजित यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का औपचारिक शुभारंभ सोमवार को लखनऊ स्थित भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने लीग के भव्य उद्घाटन समारोह के टिकट लॉन्च किए।
14 अगस्त को होगा भव्य उद्घाटन समारोह
लीग का उद्घाटन समारोह 14 अगस्त को इकाना स्टेडियम में आयोजित होगा, जिसमें विश्व प्रसिद्ध सितार वादक ऋषभ रिखीराम शर्मा और लोकप्रिय गायिका जैस्मीन सैंडलास अपनी विशेष प्रस्तुतियां देंगी। समारोह में पहली बार भव्य ड्रोन शो, आतिशबाजी और प्रसिद्ध एंकर जतिन सप्रू के संचालन से दर्शकों को यादगार अनुभव मिलेगा।
रियायती दरों पर टिकट उपलब्ध
उद्घाटन समारोह के लिए 4,000 टिकट रियायती दरों पर जारी किए गए हैं। अपर ब्लॉक की टिकट 349 रुपये तथा लोअर विंग की टिकट 499 रुपये निर्धारित की गई है। टिकट पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध होंगे तथा ई-डिस्ट्रिक्ट ऐप के माध्यम से भी खरीदे जा सकेंगे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
युवा खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
मुख्य अतिथि अवनीश अवस्थी ने कहा कि उत्तर प्रदेश खेलों के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार लीग में छह टीमें हिस्सा लेंगी, जिससे प्रदेश के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिलेगा।
उन्होंने प्रदेश में विकसित हो रही खेल अधोसंरचना का उल्लेख करते हुए कहा कि लीग के बाद कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम का नवीनीकरण किया जाएगा। इसके अलावा वाराणसी का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम जल्द प्रदेश को समर्पित होगा, जबकि गोरखपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास पहले ही किया जा चुका है।
महिला टी-20 लीग शुरू करने का सुझाव
अवनीश अवस्थी ने महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए यूपी टी-20 लीग की तर्ज पर महिला टी-20 लीग शुरू करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि शुरुआती चरण में चार टीमों के साथ प्रतियोगिता शुरू की जा सकती है। इस पर यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
दो शहरों में होगा आयोजन
स्वागत भाषण में डॉ. संजय कपूर ने बताया कि पहली बार लीग का आयोजन दो शहरों में किया जा रहा है। पहला चरण 14 से 26 अगस्त तक लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होगा, जहां उद्घाटन समारोह सहित 22 मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद दूसरा चरण 28 अगस्त से कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां 12 मैच खेले जाएंगे। लीग का फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को कानपुर में भव्य समापन समारोह के साथ खेला जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, इकाना स्टेडियम के सीएमडी उदय सिन्हा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंकित चटर्जी, मीडिया मैनेजर मोहम्मद फहीम, गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।






