थाना दादरी पुलिस व ग्रेटर नोएडा एसओजी की बदमाशों से मुठभेड़, स्नैचिंग और चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
थाना दादरी पुलिस एवं ग्रेटर नोएडा एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं में शामिल तीन बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को कॉम्बिंग के दौरान दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को घोड़ी बछेड़ा से हजरतपुर नहर बंबा के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध आर-15 मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे तेज गति से भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया, जिसके दौरान उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घायल आरोपी की पहचान आलम (21 वर्ष) पुत्र नबीदाद निवासी मोहल्ला रामनगर, गुलावठी, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है। वहीं, उसके दो साथी सद्दाम (20 वर्ष) पुत्र नज्जू एवं जिसान (20 वर्ष) पुत्र नौसाद, निवासी मोहल्ला रामनगर, गुलावठी, बुलंदशहर को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने हाल ही में एक महिला के गले से पीली धातु का लोकेट स्नैच किया था। इस संबंध में थाना दादरी में मुकदमा संख्या 343/2026 दर्ज है। इसके अलावा करीब 15 दिन पहले म्यू-1 क्षेत्र के एक बंद मकान में चोरी की घटना को भी अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्न सामान बरामद किया है—
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
- स्नैच किया गया एक पीली धातु का लोकेट
- एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस
- दो अवैध चाकू
- घटना में प्रयुक्त R-15 मोटरसाइकिल (UP16 EB3518)
- चोरी की चार जोड़ी चांदी की बिछिया
- दो चांदी के सिक्के
- चोरी के माल को बेचकर प्राप्त 40 हजार रुपये नकद
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा उनसे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच जारी है।






