हाथरस पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 52 लाख रुपये की कॉपर चोरी का खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार
हाथरस, हाथरस पुलिस की एसओजी टीम और थाना सिकन्द्राराऊ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ट्रांसपोर्ट के दौरान कॉपर की सिल्ली चोरी/गबन करने वाले अंतरजनपदीय गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के 06 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर 26 कॉपर की सिल्लियां (अनुमानित कीमत करीब ₹52 लाख) तथा 02 तमंचे .315 बोर और 04 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने ट्रक को लावारिस छोड़कर वारदात को लूट का रूप देने की साजिश रची थी, लेकिन तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और ग्राउंड इंटेलिजेंस के आधार पर पूरी योजना का खुलासा कर दिया गया।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि ट्रक चालक की मिलीभगत से गैंग ने 21 जून 2026 की रात ट्रक में लदी 48 कॉपर की सिल्लियों में से 36 सिल्लियां मैनपुरी के जंगल में उतार ली थीं। इसके बाद ट्रक में 12 सिल्लियां छोड़कर वाहन को सिकन्द्राराऊ क्षेत्र में लावारिस खड़ा कर दिया गया, ताकि पुलिस को लूट की घटना का भ्रम हो।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पिछले करीब तीन माह से इस वारदात की योजना बना रहे थे। चोरी की गई कॉपर को दिल्ली में बेचने की तैयारी थी, लेकिन रास्ते में वाहन खराब होने के कारण माल झाड़ियों में छिपा दिया गया। इसी दौरान पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी
- 26 कॉपर की सिल्लियां (अनुमानित कीमत करीब ₹52 लाख)
- 02 तमंचे .315 बोर
- 04 जिंदा कारतूस
गिरफ्तार आरोपी
- राजेश कुमार उर्फ बंटू (जनपद एटा)
- कुलदीप उर्फ मोहित उर्फ मामा (जनपद मैनपुरी)
- दुर्वेश कुमार यादव उर्फ झम्मू (जनपद कासगंज)
- पवन यादव (जनपद एटा)
- पुष्पेन्द्र (जनपद फिरोजाबाद)
- अवधेश यादव (जनपद कासगंज)
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कई शातिर अपराधी हैं, जिनके खिलाफ चोरी, डकैती, गैंगस्टर एक्ट, अवैध शस्त्र, धोखाधड़ी, एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में पूर्व से मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम को मिली सफलता
इस पूरे मामले का सफल अनावरण पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्री रामानन्द कुशवाहा एवं क्षेत्राधिकारी सिकन्द्राराऊ के पर्यवेक्षण में एसओजी प्रभारी श्री धीरज गौतम तथा थाना सिकन्द्राराऊ प्रभारी निरीक्षक श्री शिव कुमार शर्मा और उनकी टीम ने संयुक्त रूप से किया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।






