रात में कांवड़ मार्ग पर पहुंचे डीएम–एसपी हाथरस, श्रद्धालुओं से किया संवाद, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
कांवड़ियों ने पुलिस और प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की, अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को दिए सतर्कता के निर्देश।
कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु एवं श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से गुरुवार देर रात जिलाधिकारी हाथरस श्री अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने हाथरस–मथुरा कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मार्ग पर विश्राम कर रहे तथा गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे कांवड़ श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद कर उनका हालचाल जाना और यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात संचालन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। श्रद्धालुओं ने उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए हाथरस पुलिस एवं जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने विशेष रूप से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, यातायात को निर्बाध बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ श्रद्धालुओं से अपील की कि वे निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें, अनावश्यक जल्दबाजी से बचें तथा पूरी सावधानी एवं अनुशासन के साथ अपनी यात्रा पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आवश्यकता या समस्या होने पर तत्काल ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से संपर्क करें।
श्रद्धालुओं ने हाथरस पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई सुरक्षा व्यवस्था एवं सुविधाओं की सराहना करते हुए पुलिस और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
हाथरस पुलिस का संकल्प
“सुरक्षित कांवड़ यात्रा • सुगम यातायात • श्रद्धालुओं की हर कदम पर सुरक्षा”
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


