बिल्डरों पर भूजल के अंधाधुंध दोहन का आरोप, नकली दूध-घी-पनीर व मिठाइयों की बिक्री पर रोक लगाने की मांग; मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
गौतमबुद्ध नगर में बढ़ते भूजल दोहन एवं मिलावटी और नकली खाद्य सामग्री की बिक्री के विरोध में करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने अगस्त क्रांति के अवसर पर जिला मुख्यालय पर एक दिवसीय प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी अरुण कुमार को सौंपा।
संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय एवं आलोक नागर ने कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना क्षेत्र में निजी बिल्डरों एवं अन्य संस्थानों द्वारा बड़े स्तर पर भूजल का दोहन किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद संबंधित विभागों द्वारा भूजल संरक्षण के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने भूजल के अनियंत्रित दोहन पर तत्काल रोक लगाने तथा प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि जनपद में नकली एवं मिलावटी दूध, घी, पनीर, खोया, मिठाइयों तथा अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री को लेकर भी लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आवश्यक है, ताकि आम नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
संगठन के मास्टर दिनेश नागर ने कहा कि दादरी, सूरजपुर, बिलासपुर, दनकौर, रबूपुरा, जेवर, नोएडा के विभिन्न सेक्टरों, ग्रेटर नोएडा, तुगलपुर, कासना, जगत फार्म सहित जनपद के कई क्षेत्रों में मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग से नियमित जांच अभियान चलाने तथा खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि भूजल दोहन की शिकायतों की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए, भूजल संरक्षण के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था लागू की जाए तथा मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
संगठन ने कहा कि जल और शुद्ध भोजन दोनों आम नागरिकों के मौलिक जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण विषय हैं, इसलिए इन मामलों में प्रशासन को गंभीरता से कार्रवाई करते हुए प्रभावी और स्थायी समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।
इस अवसर पर बलराज हूंन, दिनेश मास्टर, शिवकुमार कसाना, प्रेमराज भाटी, दुलीचंद नागर, पवन यादव, लखमी पंडित, आकाश नागर जग्गू प्रमुख, कमल नागर, राजे नागर, नबाब सिंह नागर, सुशील नागर, नितिन नागर, मोहित नागर, महेश नागर, निशांत तिवारी, तेजवीर चौहान, विजय प्रताप, मलखान यादव, वरुण नागर, शेखर नागर, शादीराम, हुकुम सिंह, पुष्पेंद्र पंडित, राजपाल भाटी सहित संगठन के अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।






