किसान संघर्ष मोर्चा का धरना पांचवें दिन भी जारी, 14 सितंबर को होगी महापंचायत
10 प्रतिशत प्लॉट सहित किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर सैकड़ों किसानों ने भरी हुंकार, हजारों किसानों के शामिल होने का दावा
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर किसान संघर्ष मोर्चा का अनिश्चितकालीन धरना आज पांचवें दिन भी लगातार जारी रहा। धरने में महिला एवं पुरुष किसानों सहित सैकड़ों की संख्या में आंदोलनकारी शामिल हुए। किसानों ने 10 प्रतिशत प्लॉट सहित अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी करते हुए आंदोलन को और तेज करने का संकल्प लिया।
धरने को संबोधित करते हुए किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नगर ने कहा कि आंदोलन का आज पांचवां दिन है, लेकिन प्रशासन की ओर से अभी तक किसानों की समस्याओं पर बातचीत के लिए कोई प्रस्ताव नहीं आया है। किसान संघर्ष मोर्चा अपने मुद्दों को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जब तक किसानों की मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन लगातार जारी रहेगा।
किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि जनप्रतिनिधि अपने निजी स्वार्थों में व्यस्त हैं और उन्हें किसानों एवं आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि किसान संघर्ष मोर्चा ने अपने पहले चरण के आंदोलन में 10 प्रतिशत प्लॉट के मुद्दे को प्राधिकरण की बोर्ड बैठक से पास करवाया था, लेकिन अब यह प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित है। किसानों को एकजुट होकर पूरी ताकत के साथ इस प्रस्ताव को सरकार के स्तर से पास करवाना होगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
किसान सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजब सिंह नेताजी ने कहा कि किसान हर हाल में अपना हक लेकर रहेंगे। वहीं जिला सचिव अजय पाल भाटी ने कहा कि किसानों की यह लड़ाई आर-पार की है। जब तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
जिला सचिव निशांत रावल ने कहा कि 14 सितंबर को आयोजित होने वाली महापंचायत में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष किसान शामिल होंगे। क्षेत्र का किसान जाग चुका है और अब अपने अधिकारों के लिए निर्णायक संघर्ष के मूड में है। किसान संघर्ष मोर्चा ने महापंचायत में हजारों किसानों के पहुंचने का दावा किया है।
धरने को भगत सिंह, राहुल, सुशांत, प्रशांत, जयकरण सिंह भाटी, मुकेश, गीता, पूनम, जोगेंद्री, महासचिव संदीप भाटी, गबरी मुखिया, सुरेश यादव और नितिन चौहान सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
किसान संघर्ष मोर्चा ने सभी किसानों से अपील की कि वे 14 सितंबर को होने वाली महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आंदोलन को मजबूती प्रदान करें और अपने अधिकारों की लड़ाई में भागीदारी निभाएं।


