ट्रैक्टर पर नोएडा प्राधिकरण पहुंचे राकेश टिकैत, 17 सूत्रीय मांगों पर दो घंटे चली वार्ता
किसानों की समस्याओं के समाधान तक संघर्ष जारी रखने का ऐलान
नोएडा, सेक्टर–96 स्थित नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर भारतीय किसान यूनियन के अनिश्चितकालीन धरने के दौरान बुधवार को राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत किसानों के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर प्राधिकरण पहुंचे। अधिकारियों के अनुरोध पर उन्होंने किसानों की समस्याओं और 17 सूत्रीय मांगपत्र को लेकर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश के साथ वार्ता की।
चौधरी राकेश टिकैत सैकड़ों किसानों के साथ धरनास्थल से ट्रैक्टर पर सवार होकर प्राधिकरण कार्यालय के अंदर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि नोएडा प्राधिकरण के अंदर पहुंचने वाला यह पहला ट्रैक्टर है और किसानों की समस्याओं को लेकर यहां पहला धरना चल रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और लंबा तथा व्यापक किया जाएगा।
चौधरी राकेश टिकैत की अध्यक्षता में लगभग दो घंटे चली बैठक में किसानों के 17 सूत्रीय मांगपत्र पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का संचालन भाकियू गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने किया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वार्ता में प्राधिकरण की ओर से सीईओ कृष्णा करुणेश, एसीईओ पुष्पराज सिंह, ओएसडी क्रांति शेखर, ओएसडी हर्षिता तिवारी, डीजीएम आर.पी. सिंह, एस.के. सिंह, ए.के. अरोड़ा, मीणा भार्गव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
किसान प्रतिनिधिमंडल में एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना, राजीव मलिक, मटरू नागर, श्रीपाल कसाना, विपिन प्रधान, रविंद्र भगत, अनिल खारी, जोगिंदर कसाना, शैलेश बेसोया सहित बड़ी संख्या में किसान और भाकियू कार्यकर्ता शामिल रहे।
बैठक के बाद चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि अधिकारियों के साथ हुई वार्ता की समीक्षा करने के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्णय लेते समय नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना—तीनों प्राधिकरणों से संबंधित किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखा जाएगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने दोहराया कि किसानों की मांगों का ठोस समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा। बैठक के बाद किसानों में आगे की रणनीति को लेकर चर्चा जारी रही।


