मुजफ्फरनगर के जीआईसी मैदान में देर रात तक चली विशाल किसान महापंचायत, राकेश टिकैत ने ट्रेड डील और किसानों की जमीन के मुद्दे पर उठाई आवाज
मुजफ्फरनगर के राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) मैदान में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) द्वारा विशाल रात्रि किसान महापंचायत का आयोजन किया गया। देर रात तक चली महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान एवं मातृशक्ति मौजूद रहे। महापंचायत को भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने संबोधित किया।
चौधरी राकेश टिकैत ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील को लेकर किसानों की चिंताओं को उठाते हुए कहा कि यदि यह समझौता किसानों के हितों के विपरीत लागू होता है तो इसका असर देश के कृषि क्षेत्र पर पड़ सकता है। उन्होंने किसानों की जमीन के संरक्षण की बात कहते हुए कहा कि “जमीन बचेगी, तभी किसान बचेगा और तभी देश बचेगा।”
उन्होंने युवाओं से शराब, गुटखा, नशे एवं अन्य गलत आदतों से दूर रहने तथा इनके खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने सरकार से गन्ने के लाभकारी मूल्य में बढ़ोतरी करने की मांग भी उठाई।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
महापंचायत के दौरान भाकियू मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) देश दीपक सिंह एवं एसपी सिटी अमृत जैन को किसानों की विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
महापंचायत में आधी रात के बाद भी किसानों और मातृशक्ति की मौजूदगी बनी रही।
इस अवसर पर गौतम बुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि “दिन हो या रात, संघर्ष के साथ भाकियू रचेगी नया इतिहास।” उन्होंने कहा कि रात्रि महापंचायत के माध्यम से भारतीय किसान यूनियन ने अपनी संगठनात्मक क्षमता और किसानों की एकजुटता का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि किसान अपने अधिकारों और हकों के लिए दिन के साथ-साथ रात में भी मजबूती से अपनी आवाज उठाना जानता है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
महापंचायत में भाकियू राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंडित राजपाल शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मेनपाल सिंह चौहान, युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह, गाजियाबाद जिलाध्यक्ष विजेंद्र सिंह, मेरठ जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी, राष्ट्रीय सचिव ओमपाल मलिक, धीरज लाठियान, कपिल खटियान, दानवीर सिंह, शांता प्रधान, अतुल त्रिपाठी, बलराम सिंह, विपिन प्रधान, सचिन अवाना, सिंहराज गुर्जर एवं सुंदर गुर्जर सहित राष्ट्रीय, प्रदेश, मंडल एवं जिला स्तर के पदाधिकारी, किसान और बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।


