नोएडा प्राधिकरण के सीईओ ने विभागों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश; सेक्टर-145 में 5 प्रतिशत आबादी भूखंडों पर दिवाली से कब्जा देने की प्रक्रिया शुरू होगी, अवैध निर्माण और बकायेदारों पर भी होगी कार्रवाई
नोएडा, नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने 15 अक्टूबर को प्राधिकरण के विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत, प्रमुख परियोजनाओं, सार्वजनिक शौचालयों, वेंडिंग जोन, संपत्तियों के बकाये, किसानों के भूखंडों, न्यू नोएडा में भूमि अधिग्रहण और आगामी त्योहारों की तैयारियों सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार लाने और लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी, विशेष कार्याधिकारी क्रांतिशेखर सिंह सहित अन्य अधिकारी और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ प्रबंधक मौजूद रहे।
दिवाली पर सफाई, रोशनी और सड़कों की मरम्मत पर जोर
आगामी त्योहारों को देखते हुए सीईओ ने सभी प्रमुख स्थानों पर सफाई, सड़कों की मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मूर्ति विसर्जन एवं अर्घ्य के लिए निर्धारित स्थानों पर कृत्रिम तालाब तैयार कराने को भी कहा गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए गांवों में अतिरिक्त वाहन खरीदकर तैनात करने के निर्देश दिए गए। कूड़ा संग्रहण वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर 70 प्रतिशत इलेक्ट्रिक और 30 प्रतिशत सीएनजी वाहनों में परिवर्तित करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। इसके लिए आकलन तैयार कर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) को परीक्षण के लिए भेजा जा चुका है।
सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी के लिए वर्क सर्किलों के अवर अभियंताओं को सुबह 8 बजे और प्रबंधकों को सुबह 9 बजे तक अपने क्षेत्रों में पहुंचकर निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान संबंधित कर्मचारियों को अपनी लाइव लोकेशन साझा करने के लिए भी कहा गया। त्योहारों से पहले बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। शहर में अव्यवस्थित रूप से फैले कबाड़ और अवैध वेंडरों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
31 अक्टूबर तक सड़कों की रिसर्फेसिंग का लक्ष्य
आगामी महीनों में वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए प्राधिकरण ने अभी से तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में 31 अक्टूबर तक सभी संबंधित सड़कों की रिसर्फेसिंग पूरी करने को कहा गया। भवनों में रूफटॉप स्प्रिंकलर लगाने के लिए एडवाइजरी जारी करने और शहर के विभिन्न स्थानों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक की निगरानी के लिए डिस्प्ले लगाने के निर्देश भी दिए गए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
भंगेल एलिवेटेड रोड के नीचे सड़क, नाली-पुलिया और सेंट्रल वर्ज के निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने को कहा गया। चिल्ला बॉर्डर से महामाया फ्लाईओवर तक निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड के पूरा होने के बाद संभावित जाम से बचने के लिए अभी से योजना बनाने और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
चिल्ला से यमुना पुस्ता तक एलिवेटेड रोड परियोजना को गति
बैठक में यमुना के समानांतर पुस्ता मार्ग की समीक्षा की गई। इसके निर्माण के संबंध में उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग से आवश्यक पत्राचार कर आगे की कार्रवाई जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए। पुस्ता मार्ग के अतिरिक्त हिस्से में हरित विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य कराने पर भी जोर दिया गया।
प्रस्तावित चिल्ला से यमुना पुस्ता तक एलिवेटेड रोड परियोजना के संबंध में बताया गया कि इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) और सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। एक से दो सप्ताह में परियोजना के लिए निविदाएं आमंत्रित किए जाने की संभावना जताई गई।
सार्वजनिक शौचालयों और अवैध वेंडरों पर निगरानी
नोएडा में विभिन्न स्थानों पर बने सार्वजनिक शौचालयों और यूरिनल की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित वरिष्ठ प्रबंधकों को प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए कि उनके क्षेत्र में सभी शौचालय पूरी तरह अनुरक्षित और संचालित हैं। शौचालयों के संचालन के लिए तैनात विज्ञापन एजेंसियों को केवल शौचालयों के ऊपर ही विज्ञापन लगाने की अनुमति सुनिश्चित करने को कहा गया।
शहर में अव्यवस्थित रूप से फैले अवैध वेंडरों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने और जब्त ठेलियों, खोखों तथा अन्य सामान को रखने के लिए प्रत्येक वर्क सर्किल में एक-एक स्टोर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
सेक्टर-145 में 5 प्रतिशत आबादी भूखंडों पर दिवाली से मिलेगा कब्जा
प्राधिकरण की समीक्षा बैठक में सेक्टर-145 में 5 प्रतिशत आबादी श्रेणी के आवंटित भूखंडों पर कब्जा देने की प्रक्रिया दिवाली से शुरू करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, प्राधिकरण क्षेत्र में अधिसूचित और अधिग्रहित भूमि पर मौजूद अवैध निर्माण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
चिह्नित भूखंडों पर अवैध निर्माण को सील करने और संबंधित जानकारी सब-रजिस्ट्रार को भेजने के निर्देश दिए गए, ताकि संबंधित खसरा नंबरों पर अवैध रूप से निर्मित भवनों के पट्टा दस्तावेज किसी अन्य के पक्ष में निष्पादित न हो सकें।
एक करोड़ रुपये से अधिक के बकायेदारों पर कार्रवाई
प्राधिकरण की विभिन्न संपत्तियों पर बकाया राशि की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए गए कि जिन बकायेदारों पर एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि बकाया है और जिनका कोई मामला न्यायालय में लंबित नहीं है, उनसे 1 नवंबर तक वसूली पूरी की जाए।
निर्धारित समय में भुगतान नहीं होने की स्थिति में संबंधित बकायेदारों के खिलाफ न्यायालय में याचिका दायर कर कानूनी कार्रवाई और रिकवरी आदेश जारी कराने के निर्देश दिए गए। ऐसे मामलों को आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) को भेजने के संबंध में भी निर्देश दिए गए।
88 स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित, 77 नए स्थान होंगे चिह्नित
विद्युत एवं तकनीकी व्यवस्थाओं की समीक्षा में बताया गया कि नोएडा में 88 स्थानों पर इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए कार्यादेश जारी हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त 77 अन्य स्थानों को भी ईवी चार्जिंग स्टेशन की स्थापना के लिए चिह्नित करने के निर्देश दिए गए।
उद्यान विभाग को पार्कों में स्थापित ओपन जिम का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने और उनकी संख्या बढ़ाने को कहा गया। बच्चों के खेलने के लिए कुछ स्थानों पर पीपीपी मॉडल के तहत गेम और स्पोर्ट्स जोन विकसित करने के निर्देश भी दिए गए।
न्यू नोएडा में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश
दादरी-नोएडा-गाजियाबाद इन्वेस्टमेंट रीजन यानी न्यू नोएडा में भूमि अधिग्रहण की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को अधिग्रहण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि न्यू नोएडा में भूमि अर्जन के लिए दरों का निर्धारण हो चुका है और पिछले सप्ताह क्षेत्र के ग्राम प्रधानों के साथ बैठक भी हुई थी। अब तक 281 काश्तकार आपसी सहमति के आधार पर अपनी भूमि देने के लिए सहमति पत्र जमा करा चुके हैं।
इंजीनियरिंग कार्यों की निविदाएं जल्द पूरी करने के निर्देश
इंजीनियरिंग विभागों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि स्वीकृत आकलनों के सापेक्ष लगभग 90 प्रतिशत से अधिक कार्यों की निविदा प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सीईओ ने शेष निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
ऐसे कार्यों में, जिनमें सिविल निर्माण के साथ बिजली, जलापूर्ति और सीवर के घटक भी शामिल हैं, एकीकृत आकलन तैयार कर स्वीकृत कराने और निगरानी के लिए संबंधित विभागों के अभियंताओं की जिम्मेदारी तय करने को कहा गया।
बैठक में प्राधिकरण के सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शहर की मूलभूत सुविधाओं, सफाई, यातायात व्यवस्था, निर्माण कार्यों और जनसमस्याओं से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।


