ग्रेटर नोएडा। दीपावली के पावन पर्व पर जहां लोग एक-दूसरे को मिठाइयां और उपहार देकर खुशियां बांटते हैं, वहीं MYSC Foundation ने सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश करते हुए एक अनूठी पहल की। फाउंडेशन की ओर से दिवाली के अवसर पर मिठाइयों के स्थान पर लोगों को हेलमेट वितरित किए गए। इस पहल के माध्यम से दोपहिया वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट पहनने का संदेश दिया गया।
इस दौरान MYSC Foundation की टीम ने सड़क पर दोपहिया वाहन चालकों से संवाद कर हेलमेट के महत्व के बारे में जानकारी दी। टीम के सदस्यों ने लोगों को समझाया कि हेलमेट केवल यातायात नियमों का पालन करने का माध्यम नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने के जोखिम को कम करने और अनमोल जीवन की रक्षा करने का महत्वपूर्ण साधन है।
फाउंडेशन के सदस्यों ने कहा कि दीपावली खुशियों और अपनों के साथ त्योहार मनाने का पर्व है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए। हेलमेट पहनने की छोटी-सी आदत किसी बड़े हादसे में जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
MYSC Foundation की इस पहल ने दीपावली के उत्सव को सामाजिक सरोकार और जनहित से जोड़ने का संदेश दिया। मिठाइयों के बजाय हेलमेट बांटकर फाउंडेशन ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि त्योहारों की असली खुशी सुरक्षित जीवन और परिवार की मुस्कान में है।
इस अवसर पर सुमित चपरगढ़, खुर्शीद अली, सललन पहलवान, वरुण भाटी, समीर भाटी, कुणाल चौधरी, हर्षित सिंह, ध्रुव, ज्योति गोगोई, ललित बंसल और सुमित मीणा सहित MYSC Foundation के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
MYSC Foundation का संदेश: इस दिवाली मिठास के साथ सुरक्षा भी बांटें, क्योंकि आपकी जिंदगी आपके परिवार के लिए सबसे अनमोल उपहार है। सुरक्षित रहें, हेलमेट पहनें और खुशियों के साथ दिवाली मनाएं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


