ग्रेटर नोएडा। एनटीपीसी दादरी में 7 नवंबर 2026 को एनटीपीसी का 52वां स्थापना दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगियों ने संस्थान की उपलब्धियों का उत्सव मनाते हुए भविष्य के लक्ष्यों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ एनटीपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD) श्री गुरदीप सिंह के संबोधन के सीधे प्रसारण के साथ हुआ। उनके संबोधन को सुनने के लिए एनटीपीसी दादरी परिसर के विभिन्न स्थानों पर विशेष व्यवस्था की गई थी।
इसके बाद एनटीपीसी दादरी के कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख श्री समीर शर्मा ने एनटीपीसी का ध्वज फहराकर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सभी कर्मचारियों एवं सहयोगियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अपने संबोधन में श्री समीर शर्मा ने एनटीपीसी की गौरवशाली उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए वर्ष 2032 तक 60,000 मेगावाट तथा नवीकरणीय ऊर्जा सहित कुल 1,49,000 मेगावाट की स्थापित क्षमता हासिल करने के महत्वाकांक्षी लक्ष्य की जानकारी दी।
दादरी कोल स्टेशन का शानदार प्रदर्शन, गैस स्टेशन ने बनाया उत्पादन का रिकॉर्ड
स्टेशन के प्रदर्शन की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 में 31 अक्टूबर तक एनटीपीसी दादरी के कोल स्टेशन ने 6,263 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन किया है, जबकि गैस स्टेशन ने 454 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन किया। यह उत्पादन एनटीपीसी के सभी गैस स्टेशनों में सर्वाधिक रहा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने सुरक्षा मानकों के पालन, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक विकास के प्रति एनटीपीसी दादरी की प्रतिबद्धता को भी दोहराया। उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में इस वर्ष 30 हजार पौधों का रोपण किया गया है। साथ ही कर्मचारियों और सहयोगियों के समर्पण एवं योगदान की सराहना करते हुए सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
स्थापना दिवस पर 10 हजार पौधरोपण की पहल
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थापना दिवस के अवसर पर एनटीपीसी दादरी परिसर में 10,000 पौधों के रोपण की व्यवस्था की गई। इस पहल के माध्यम से हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण का संदेश दिया गया।
समारोह के दौरान केक काटकर स्थापना दिवस की खुशियां मनाई गईं और रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर उत्सव को यादगार बनाया गया।
कार्यक्रम में श्री संजय कुमार, महाप्रबंधक (ओएंडएम), एनटीपीसी दादरी के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, सीआईएसएफ के जवान, जागृति समाज के पदाधिकारी तथा विभिन्न यूनियनों एवं एसोसिएशनों के सदस्य उपस्थित रहे।
एनटीपीसी दादरी का 52वां स्थापना दिवस संस्थान की उपलब्धियों, ऊर्जा उत्पादन में योगदान, सामूहिक प्रयासों और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को समर्पित रहा।


