वायु प्रदूषण पर सख्त हुए यूपी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष, नोएडा में यमुना पुस्ता मार्ग का किया निरीक्षण
सेक्टर-94 से सेक्टर-135 तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा, सड़क मरम्मत, धूल-मिट्टी की सफाई और C&D कचरे के निस्तारण के तत्काल निर्देश
दिल्ली-एनसीआर में लगातार गंभीर बनी हुई वायु प्रदूषण की स्थिति और ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तहत लागू प्रतिबंधों के बीच उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. आर.पी. सिंह ने सोमवार को जनपद गौतमबुद्धनगर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. आर.पी. सिंह के साथ मुख्य पर्यावरण अधिकारी राधेश्याम भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जनपद में वायु प्रदूषण की वर्तमान स्थिति, नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियानों और विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय की स्थिति पर चर्चा की।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
यमुना पुस्ता मार्ग पर धूल और गंदगी देख अधिकारियों को दिए निर्देश
निरीक्षण के क्रम में अध्यक्ष डॉ. आर.पी. सिंह ने नोएडा क्षेत्र के यमुना पुस्ता मार्ग पर सेक्टर-94 से सेक्टर-135 तक पहुंचकर सड़क की स्थिति और साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने मार्ग पर धूल-मिट्टी के जमाव, सड़क की मरम्मत और निर्माण एवं विध्वंस (C&D) अपशिष्ट के निस्तारण से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क की मरम्मत, धूल-मिट्टी की सफाई और C&D अपशिष्ट का उचित निस्तारण तत्काल सुनिश्चित कराया जाए, ताकि वाहनों की आवाजाही और अन्य गतिविधियों के कारण उड़ने वाली धूल पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
यमुना पुस्ता मार्ग के निरीक्षण के दौरान नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्ण करुणेश को मार्ग की समुचित साफ-सफाई, धूल नियंत्रण और आवश्यक रखरखाव के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी और यीडा सीईओ से भी की चर्चा
इससे पहले अध्यक्ष ने जिलाधिकारी से जनपद में वायु प्रदूषण की मौजूदा स्थिति और प्रदूषण नियंत्रण के लिए विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
इसके अतिरिक्त यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आर.के. सिंह के साथ भी वायु प्रदूषण नियंत्रण के उपायों को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
प्रदूषण नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
अध्यक्ष डॉ. आर.पी. सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें। प्रदूषण नियंत्रण के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार, सहायक अभियंता मुकेश कुमार, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नोएडा क्षेत्रीय अधिकारी रितेश कुमार तिवारी, ग्रेटर नोएडा क्षेत्रीय अधिकारी विकास मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


