अयोध्या और जनकपुर के सदियों पुराने सांस्कृतिक रिश्तों को नई मजबूती देगी सरयू-कमला एक्सप्रेस : मुख्यमंत्री योगी
अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा भारत-नेपाल की साझा विरासत, धार्मिक आस्था और व्यापारिक संबंधों को देगी नई गति, रामलला और माता जानकी के दर्शन होंगे सुगम
- सरयू-कमला एक्सप्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत और विकास’ विजन का उदाहरण
- नेपाल के श्रद्धालु अयोध्या में रामलला और भारतीय श्रद्धालु जनकपुर में माता जानकी के कर सकेंगे दर्शन
- सीतामढ़ी के पुनौरा धाम से होकर गुजरेगी ट्रेन, उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के 10 महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव
- रेल सेवा से धार्मिक पर्यटन, व्यापार, स्थानीय हस्तशिल्प और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
- सड़क, रेल, डिजिटल और व्यापारिक संपर्क के विस्तार से मजबूत हो रही भारत-नेपाल मैत्री
अयोध्या, अयोध्या और मिथिला की सदियों पुरानी सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं पारिवारिक विरासत को आधुनिक रेल संपर्क के माध्यम से नई मजबूती मिलने जा रही है। अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के बीच शुरू हुई सरयू-कमला एक्सप्रेस भारत और नेपाल के ऐतिहासिक संबंधों को नई ऊंचाई देने के साथ दोनों देशों के श्रद्धालुओं, व्यापारियों और आम नागरिकों के आवागमन को सुगम बनाएगी। यह रेल सेवा केवल दो धार्मिक नगरों को जोड़ने का माध्यम नहीं, बल्कि साझा संस्कृति, जनआस्था, आर्थिक संभावनाओं और पारस्परिक विश्वास को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है।
अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह रेल सेवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत और विकास’ के विजन का साकार उदाहरण है। मां सरयू की पावन धारा से सिंचित अयोध्या और मां कमला के जल से अभिसिंचित माता जानकी की भूमि जनकपुर का यह जुड़ाव दोनों देशों के हजारों वर्षों पुराने संबंधों को नया विस्तार देगा। इस ऐतिहासिक पहल से नेपाल के श्रद्धालु सीधे अयोध्या आकर रामलला के दर्शन कर सकेंगे, वहीं भारत के श्रद्धालुओं को जनकपुर धाम में माता जानकी के दर्शन की सुविधा मिलेगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
राम-जानकी परंपरा में रचा-बसा है भारत-नेपाल का रिश्ता
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल का संबंध केवल दो पड़ोसी देशों का राजनीतिक अथवा भौगोलिक संबंध नहीं है, बल्कि यह हजारों वर्षों की साझा आस्था, संस्कृति, आत्मीयता और पारिवारिक रिश्तों से जुड़ा हुआ है। राम-जानकी की परंपरा में इसे ‘रोटी-बेटी का रिश्ता’ कहा जाता है। महर्षि विश्वामित्र के साथ भगवान श्रीराम और लक्ष्मण का मिथिला जाना तथा विवाह के उपरांत महाराजा दशरथ की बारात का अयोध्या से जनकपुर पहुंचना दोनों क्षेत्रों की सांस्कृतिक स्मृतियों में आज भी जीवंत है।
उन्होंने कहा कि विवाह पंचमी सहित अनेक पारंपरिक आयोजनों में भगवान श्रीराम और माता जानकी के विवाह प्रसंग को उत्सव के रूप में मनाया जाता है। अयोध्या के लोग जनकपुर को अपना ससुराल मानते हैं, जबकि मिथिला क्षेत्र में भगवान श्रीराम को पाहुन मानकर विशेष आत्मीयता और सम्मान दिया जाता है। जनकपुर के राम-जानकी विवाह मंडप में विवाह पंचमी का उत्सव मनाया जाता है तो अयोध्या में भी मंगल गीत गूंजते हैं।
मुख्यमंत्री ने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के लगभग 500 वर्षों के लंबे संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि इस यात्रा में नेपाल के संतों, युवाओं, माताओं-बहनों और सामान्य श्रद्धालुओं का त्याग तथा सहयोग सदैव स्मरणीय रहेगा। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर जनकपुर धाम से सैकड़ों श्रद्धालु मंगल उपहार लेकर अयोध्या पहुंचे थे, जो दोनों क्षेत्रों के आत्मीय संबंधों का प्रतीक है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पशुपतिनाथ से काशी विश्वनाथ और लुंबिनी से कुशीनगर तक साझा आध्यात्मिक विरासत
मुख्यमंत्री ने भारत-नेपाल के धार्मिक और आध्यात्मिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर और काशी के बाबा विश्वनाथ धाम के बीच सदियों से आध्यात्मिक जुड़ाव रहा है। उत्तर प्रदेश के श्रद्धालु पीढ़ियों से मुक्तिनाथ और पशुपतिनाथ की यात्रा करते आ रहे हैं। मकर संक्रांति पर गोरखनाथ मंदिर में नेपाल से भेजी गई खिचड़ी चढ़ाने की परंपरा तथा चैत्र नवरात्र में नेपाल से देवीपाटन शक्तिपीठ आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा दोनों देशों के बीच आस्था के गहरे संबंधों को प्रदर्शित करती है।
उन्होंने भगवान बुद्ध की साझा विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका जन्म नेपाल के लुंबिनी में हुआ, जबकि उनके जीवन, साधना और धर्म की यात्रा के अनेक महत्वपूर्ण पड़ाव उत्तर प्रदेश से जुड़े हैं। कपिलवस्तु-पिपरहवा, श्रावस्ती, सारनाथ और कुशीनगर आज भी इस गौरवशाली विरासत को जीवंत बनाए हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने नदियों के माध्यम से भी दोनों देशों के प्राकृतिक और सांस्कृतिक संबंधों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि नेपाल के हिमालयी क्षेत्र से निकलने वाली कर्णाली, गंडकी, राप्ती और महाकाली जैसी नदियां उत्तर प्रदेश में घाघरा यानी सरयू, गंडक, राप्ती और शारदा के रूप में यहां के खेतों और जनजीवन को समृद्ध करती हैं।
‘पड़ोसी प्रथम’ नीति से मजबूत हो रहे भारत-नेपाल संबंध
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल की खुली सीमा आपसी विश्वास का अनूठा उदाहरण है। प्रतिदिन हजारों लोग व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पारिवारिक संबंधों के लिए दोनों देशों के बीच आवागमन करते हैं। सुख-दुख की हर घड़ी में भारत और नेपाल एक-दूसरे के साथ खड़े रहते हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार की नीति ‘पड़ोसी प्रथम’ की भावना के अनुरूप दोनों देशों के बीच सड़क, रेल, डिजिटल, ऊर्जा और व्यापारिक संपर्क को लगातार विस्तार दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के सात जिले पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज नेपाल के साथ लगभग 600 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हाईवे, आई-वे और ट्रांस-वे के माध्यम से संपर्क सुविधाओं को विस्तार देने का प्रयास किया जा रहा है। सरयू-कमला एक्सप्रेस इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनकपुर के माता जानकी मंदिर परिसर से जनकपुर-अयोध्या बस सेवा को हरी झंडी दिखाए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय अयोध्या में पहली बस का स्वागत करने का अवसर मिला था। अब रेल संपर्क के माध्यम से दोनों धामों के बीच संबंधों को और विस्तार मिल रहा है।
सीमा क्षेत्रों में कनेक्टिविटी और व्यापार को मिलेगा विस्तार
मुख्यमंत्री ने नेपाल सीमा से जुड़े उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों में विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे की जानकारी देते हुए कहा कि रुपईडीहा में नेपाल बॉर्डर पर प्रदेश का पहला लैंड पोर्ट तैयार है। भारत से नेपाल को होने वाले निर्यात का बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से जाता है। रुपईडीहा सीमा के आसपास औद्योगिक और लॉजिस्टिक कॉरिडोर विकसित करने की कार्ययोजना पर भी काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि लखनऊ-रुपईडीहा कॉरिडोर के अंतर्गत बाराबंकी-बहराइच फोरलेन हाईवे के निर्माण से रुपईडीहा से नेपालगंज तक यात्रा में लगने वाले समय में काफी कमी आएगी। बहराइच के सीमावर्ती रुपईडीहा-नेपालगंज रोड क्षेत्र को नानपारा-बहराइच के रास्ते ब्रॉडगेज और विद्युतीकृत रेल नेटवर्क से जोड़ दिया गया है। सोनौली-भैरहवा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का निर्माण भी तेजी से आगे बढ़ रहा है, जहां पब्लिक टर्मिनल बिल्डिंग, कार्गो टर्मिनल और वेयरहाउस जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर-सोनौली मार्ग और प्रस्तावित गोरखपुर-शामली ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे सहित अन्य परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल सीमा के बीच संपर्क मजबूत होगा। अयोध्या से सीतामढ़ी होते हुए जनकपुर की ओर जाने वाला श्रीराम-जानकी मार्ग भी दोनों देशों के संपर्क को विस्तार देगा।
आधुनिक कनेक्टिविटी से धार्मिक पर्यटन को मिल रहा विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या आज आधुनिक और विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे के साथ विकसित हो रही है। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के माध्यम से भगवान श्रीराम की नगरी को देश और दुनिया से जोड़ा गया है। पहले जहां अयोध्या में सिंगल रेल लाइन की कनेक्टिविटी थी, वहीं अब डबल रेल लाइन के साथ वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों का संचालन हो रहा है।
उन्होंने कहा कि सरयू-कमला एक्सप्रेस धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से रामायण सर्किट और बौद्ध सर्किट को भी नई गति प्रदान करेगी। यह ट्रेन माता जानकी के प्राकट्य स्थल सीतामढ़ी से होकर गुजरेगी, जहां पुनौरा धाम में माता सीता को समर्पित भव्य मंदिर और आध्यात्मिक नगरी का निर्माण किया जा रहा है।
10 महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के 10 महत्वपूर्ण मध्यवर्ती स्टेशनों पर सरयू-कमला एक्सप्रेस के ठहराव से सीमावर्ती क्षेत्रों में धार्मिक पर्यटन, व्यापार, होटल व्यवसाय, स्थानीय शिल्प और परिवहन क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावनाएं हैं। इससे दोनों देशों के नागरिकों के बीच जनसंपर्क और आपसी विश्वास भी मजबूत होगा।
उन्होंने विशेष रूप से जनकपुर की मिथिला पेंटिंग से जुड़ी महिलाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बेहतर रेल संपर्क स्थानीय हस्तशिल्प को नए बाजारों तक पहुंचाने और महिला कारीगरों के आर्थिक सशक्तीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामायण सर्किट और बौद्ध सर्किट दोनों का केंद्र उत्तर प्रदेश है और इनका विस्तार नेपाल तक है। ऐसे में सरयू-कमला एक्सप्रेस केवल यातायात की सुविधा नहीं, बल्कि भारत और नेपाल की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक पर्यटन, व्यापार तथा आर्थिक गतिविधियों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।
कार्यक्रम में दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव उपस्थित रहे। अयोध्या धाम से प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडे, विधायक रामचंद्र यादव, अमित सिंह चौहान, अभय सिंह, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश पांडे और मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।


