सहायक अध्यापक चयन परीक्षा को लेकर गौतमबुद्धनगर प्रशासन अलर्ट, 14 केंद्रों पर परीक्षा, तैयारियों की समीक्षा
3 दिसंबर को दो पालियों में होगी लिखित परीक्षा, एडीएम न्यायिक प्रियंका ने सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापकों को दिए सख्त निर्देश
गौतमबुद्धनगर, 28 नवंबर। जनपद गौतमबुद्धनगर में सहायक अध्यापक चयन परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। परीक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के निर्देशों के क्रम में जनपद में सहायक अध्यापक (शहरी), प्राइमरी, बेसिक शिक्षा विभाग तथा सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी (अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय) की चयन परीक्षा आयोजित की जाएगी। आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 3 दिसंबर 2026 को जनपद के 14 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में लिखित परीक्षा संपन्न होगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
परीक्षा का समय
-
प्रथम पाली: सुबह 09:30 बजे से 11:30 बजे तक।
-
द्वितीय पाली: दोपहर 02:30 बजे से शाम 04:30 बजे तक।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
-
परीक्षा अवधि: प्रत्येक पाली में 120 मिनट।

बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका ने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट अपने आवंटित परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समन्वय स्थापित कर परीक्षा से पूर्व केंद्रों का निरीक्षण करें। साथ ही कक्ष निरीक्षकों के साथ बैठक कर परीक्षा से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कराई जाएं, जिससे परीक्षा के दिन किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सघन तलाशी, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी के पर्याप्त इंतजाम रखने और आयोग द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन कराने पर जोर दिया।
अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी पहले से प्राप्त करने तथा परीक्षा केंद्रों पर सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।
बैठक में कार्यकारी संस्था से जितेन्द्र त्यागी द्वारा उपस्थित सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा संपन्न कराने से संबंधित आवश्यक जानकारी विस्तारपूर्वक उपलब्ध कराई गई।
बैठक में संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।


