ग्रीष्म ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए जनपद का खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग एक्शन में
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने अभियान चलाकर विभिन्न प्रतिष्ठानों से 08 खाद्य पदार्थों के नमूने किए संग्रहित
ग्रीष्म ऋतु के दृष्टिगत जनपद वासियों को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश लखनऊ तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारीगण आइसक्रीम एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु संग्रहित कर रहे हैं।
इसी श्रृंखला में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए आम जनमानस को शुद्ध व गुणवत्ता युक्त आइसक्रीम एवं अन्य खाद्य पेय पदार्थ की उपलब्धता सुनिश्चित कराए जाने हेतु आज खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार एवं विजय बहादुर पटेल की टीम द्वारा सूरजपुर ग्रेटर नोएडा स्थित लक्ष्मी आइसक्रीम निर्माण इकाई से आइसकैंडी का 01 नमूना तथा डिवाइन आइसक्रीम की निर्माण इकाई से आइसक्रीम का 01 नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज तथा रितु सक्सेना की टीम द्वारा सेक्टर 64 नोएडा स्थित
गोल्ड स्मिथ रिटेल सर्विसेज लिमिटेड की निर्माण इकाई से दूध, क्रीम व रेड वेलवेट क्रीम (Nirula’s ब्रांड) का 01-01 नमूना लिया गया तथा उक्त रेड वेलवेट क्रीम के लेबल पर आवश्यक सूचनाएं यथा: पोषण संबंधी जानकारी आदि अंकित न होने के कारण 2.3 किग्रा के अवशेष 25 डिब्बे अग्रिम आदेशों तक के लिए सीज कर दिये गये। इसी प्रकार खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओ पी सिंह एवं एस के पाण्डेय की टीम द्वारा सेक्टर 73 नोएडा स्थित क्वार्ले आइसक्रीम से आइसक्रीम का 01 नमूना लिया गया तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैयद इबादुल्लाह, ओ पी सिंह एवं एस के पाण्डेय की टीम द्वारा सेक्टर-04 रोजा जलालपुर ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित भवनाथ आइसक्रीम एवं कोल्ड ड्रिंक्स की निर्माण इकाई से कुल्फी व बादाम सेक का 01-01 नमूना लिया गया। इस प्रकार कुल 08 नमूनें लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किए जा रहे है। इसके अतिरिक्त हलाल प्रमाणन युक्त खाद्य पदार्थों की बिक्री किए जाने की शिकायत पर गत दिनों विभाग द्वारा की गई कार्यवाही के क्रम में जनपद के विभिन्न स्टोरों पर आज भी चेकिंग अभियान चलाया गया, यद्यपि उनमें से किसी पर हलाल प्रमाणनयुक्त खाद्य पदार्थों की बिक्री होते नहीं पाई गई।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने बताया कि आगे भी इसी प्रकार जांच अभियान संचालित करते हुए नमूने संग्रहित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जनपद वासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध हो सके।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






