स्व. गोपाल शर्मा के परिवार से मिले डॉ. विकास प्रधान, न्याय की लड़ाई में हर संभव साथ देने का दिया भरोसा

विधानसभा क्षेत्र जेवर के ग्राम बनवारीवास में विगत दिनों दिवंगत हुए युवक स्व. गोपाल शर्मा के परिवार से मिलने पहुंचे वरिष्ठ समाजसेवी एवं जननेता डॉ. विकास प्रधान ने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी और उनके दुःख में सहभागी बने।
इस दौरान परिवार द्वारा आयोजित शांति हवन में शामिल होकर डॉ. विकास प्रधान ने स्व. गोपाल शर्मा को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि इस दुःख की घड़ी में वह पूरी मजबूती के साथ परिवार के साथ खड़े हैं और न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
डॉ. विकास प्रधान ने कहा कि प्रदेश सरकार न्याय के मामले में भेदभावपूर्ण रवैया अपना रही है। अपराध और न्याय को जाति के आधार पर नहीं देखा जाना चाहिए, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि अपराधियों के प्रति कार्रवाई में समानता नहीं बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में शोकसभा में पहुंचकर स्व. गोपाल शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करें तथा शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करें। साथ ही न्याय की मांग को मजबूत करने के लिए एकजुट होकर परिवार का समर्थन करें।
डॉ. विकास प्रधान ने कहा कि समाज की एकजुटता ही पीड़ित परिवार को संबल प्रदान कर सकती है और न्याय की लड़ाई को मजबूती दे सकती है। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






