यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियां तेज, प्रमुख सचिव ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में होगा यूपी का सबसे बड़ा व्यापारिक आयोजन, व्यवस्थाओं को लेकर विभागों को दिए गए अहम निर्देश
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित औद्योगिक एवं निर्यात प्रोत्साहन आयोजनों में शामिल “यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS)-2026” के चतुर्थ संस्करण की तैयारियों को लेकर गुरुवार को इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रमुख सचिव, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन, उत्तर प्रदेश शशि भूषण लाल सुशील ने की।
बैठक में 25 से 29 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले ट्रेड शो की तैयारियों, विभागीय समन्वय, आधारभूत सुविधाओं और आयोजन को अधिक भव्य, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई। इस अवसर पर सचिव एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन प्रांजल यादव, आयुक्त एवं निदेशक उद्योग के. विजयेंद्र पांडियन, विशेष सचिव शिशिर, इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड के अध्यक्ष राकेश कुमार, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह, नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ वंदना त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी मंगलेश दुबे, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण सहित जिला प्रशासन, पुलिस, प्राधिकरणों एवं एक्सपो मार्ट के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए स्थानीय समितियों के गठन, प्रोटोकॉल, चिकित्सा एवं आपातकालीन सेवाएं, यातायात प्रबंधन, आवास, सांस्कृतिक कार्यक्रम, ब्रांडिंग और प्रचार-प्रसार से संबंधित विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। प्रमुख सचिव ने निर्देश दिए कि आयोजन में आने वाले देश-विदेश के क्रेताओं, निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों, प्रदर्शकों और आगंतुकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि सभी विभाग निर्धारित समयसीमा के भीतर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें तथा बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए आयोजन को सफल बनाएं। आगंतुकों की सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, चिकित्सा सेवाओं, आपदा प्रबंधन, आवास और सांस्कृतिक गतिविधियों को विशेष रूप से मजबूत किए जाने पर जोर दिया गया।
प्रमुख सचिव ने कहा कि यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश के औद्योगिक विकास, निर्यात संवर्धन, निवेश आकर्षण और ‘मेक इन यूपी’ उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने का एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। यह आयोजन उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, नवाचार, हस्तशिल्प, एमएसएमई और निर्यात क्षेत्र की ताकत को दुनिया के सामने प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है।
बैठक के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस एवं प्राधिकरणों द्वारा तैयारियों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की गई तथा आगामी कार्ययोजना पर सुझाव साझा किए गए। बैठक के उपरांत प्रमुख सचिव ने इंडिया एक्सपो मार्ट परिसर का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विभागों और संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 पिछले सभी संस्करणों से अधिक भव्य, सफल और प्रभावशाली साबित होगा तथा प्रदेश को वैश्विक निवेश और व्यापार का प्रमुख केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।






