ग्रीन मोबिलिटी को नई रफ्तार, जेवर एयरपोर्ट समेत प्रमुख मार्गों पर दौड़ेंगी आधुनिक ई-बसें
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवा का शुभारंभ करते हुए 11-11 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल के साथ प्रदेश सरकार ने स्वच्छ, सुरक्षित, किफायती और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
नोएडा के सेक्टर-33 स्थित शिल्प हाट में आयोजित कार्यक्रम में सांसद डॉ. महेश शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी मेधा रूपम, नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश सहित परिवहन विभाग एवं प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ग्रीन मोबिलिटी योजना के तहत प्रथम चरण में नोएडा में 50, ग्रेटर नोएडा में 25 और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में 25 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जा रहा है। कुल 100 आधुनिक वातानुकूलित ई-बसों की यह सेवा क्षेत्र की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई पहचान देगी। भविष्य में यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए बसों की संख्या बढ़ाकर 500 तक करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
20 रुपये से शुरू होगा सफर
यात्रियों को बेहतर और सस्ती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बसों का किराया 20 रुपये, 30 रुपये और अधिकतम 50 रुपये निर्धारित किया गया है। सभी बसें निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संचालित होंगी तथा यात्रियों को रियल-टाइम लोकेशन ट्रैकिंग, आरामदायक सीटिंग, डिजिटल सूचना प्रणाली और आधुनिक
सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा
पूरी तरह बैटरी संचालित होने के कारण ये इलेक्ट्रिक बसें प्रदूषण मुक्त परिवहन को बढ़ावा देंगी। इससे वायु एवं ध्वनि प्रदूषण में कमी आएगी, निजी वाहनों पर निर्भरता घटेगी और ट्रैफिक जाम की समस्या में भी राहत मिलेगी। यह पहल प्रदेश सरकार के हरित और सतत विकास के विजन को मजबूती प्रदान करेगी।
चार प्रमुख रूटों पर चलेगी सेवा
यात्रियों की सुविधा और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए ई-बस सेवा चार प्रमुख मार्गों पर संचालित की जाएगी—
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
- बॉटनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा वेस्ट
- बॉटनिकल गार्डन से जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट
- बॉटनिकल गार्डन से कलेक्ट्रेट (सूरजपुर) होते हुए फेस-2
- बॉटनिकल गार्डन से नया बस अड्डा, गाजियाबाद
इन मार्गों पर बस सेवा शुरू होने से छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों तथा आम नागरिकों को सुरक्षित, किफायती और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
स्मार्ट और ग्रीन ट्रांसपोर्ट का नया मॉडल बनेगा क्षेत्र
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों का संचालन पर्यावरण संरक्षण, स्मार्ट कनेक्टिविटी और आधुनिक शहरी परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। यह परियोजना नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र को देश के अग्रणी स्मार्ट एवं ग्रीन मोबिलिटी मॉडल के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उपशीर्षक
20 से 50 रुपये किराया, जेवर एयरपोर्ट समेत चार प्रमुख रूटों पर मिलेगी आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन सुविधा।






