गोरखपुर और आजमगढ़ मंडल में लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा, सड़कों और सेतु परियोजनाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश
गोरखपुर, 14 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर स्थित एनेक्सी भवन में गोरखपुर एवं आजमगढ़ मंडल के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने दोनों मंडलों में संचालित निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण और विकास परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बरसात से पूर्व महत्वपूर्ण परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए ताकि आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को मिले प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए विकास प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर अमल में लाया जाए। सभी आवश्यक स्वीकृतियां जून माह के अंत तक प्राप्त कर कार्यों का शिलान्यास और निर्माण शुरू कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि संसाधनों की पूर्ण उपलब्धता सुनिश्चित करने के बाद ही परियोजनाएं प्रारंभ की जाएं, ताकि कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए और वे समय पर पूर्ण हो सकें।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना जल्द तैयार करें
सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना के तहत गोरखपुर और आजमगढ़ मंडल के सभी विधानसभा क्षेत्रों में आवश्यक सड़क निर्माण एवं विकास कार्यों की सूची तैयार कर शीघ्र शासन को उपलब्ध कराई जाए। इससे समय रहते बजट स्वीकृति और टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।
आयुक्त और जिलाधिकारी करें नियमित समीक्षा
मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की गति बनाए रखने के लिए मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं की प्रगति पर निरंतर निगरानी रखी जाए और किसी भी स्तर पर देरी होने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं।
श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
बैठक में मुख्यमंत्री ने सेतु निगम और अन्य निर्माण एजेंसियों को श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए तथा श्रमिकों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण और किट उपलब्ध कराई जाएं। सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मोहन सेतु परियोजना की प्रगति की ली जानकारी
मुख्यमंत्री ने देवरिया में निर्माणाधीन मोहन सेतु परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने तथा निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही ‘बिलो टेंडर’ लेने वाले ठेकेदारों पर विशेष निगरानी रखने और उनकी कार्यप्रणाली की समीक्षा करने को कहा।
तकनीक आधारित निगरानी पर जोर
मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए तकनीक आधारित ऑनलाइन मॉनिटरिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करने और समयबद्ध रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में केंद्रीय मंत्री एवं बांसगांव सांसद कमलेश पासवान, गोरखपुर सांसद रवि किशन, कुशीनगर सांसद विजय दुबे, प्रदेश सरकार के मंत्री सूर्य प्रताप शाही, दयाशंकर सिंह, विजयलक्ष्मी गौतम, राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह, विधान परिषद सदस्य तथा गोरखपुर और आजमगढ़ मंडल के अनेक विधायक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास की गति को बनाए रखने के लिए सड़क, पुल और अन्य आधारभूत ढांचा परियोजनाओं का समय पर और गुणवत्तापूर्ण निर्माण अत्यंत आवश्यक है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराकर विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाए।






