वेदांत अवस्थी के दम पर जबलपुर रॉयल लायंस की शानदार जीत, 224 रन का लक्ष्य किया हासिल
एमपीएल टी20 सिंधिया कप में भोपाल लेपर्ड्स को 5 विकेट से हराया, पीडीपी खिलाड़ी वेदांत ने रचा इतिहास

आदित्य बिड़ला ग्रुप मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप 2026 में क्रिकेट प्रेमियों को एक और हाई-स्कोरिंग और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। होलकर स्टेडियम, इंदौर में खेले गए मैच में जबलपुर रॉयल लायंस ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए भोपाल लेपर्ड्स को 5 विकेट से पराजित कर टूर्नामेंट में महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भोपाल लेपर्ड्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 223 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज तनिष्क यादव (26) और राहुल चंद्रोल (28) ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। इसके बाद अंश बगाड़िया और कप्तान अनिकेत वर्मा ने तीसरे विकेट के लिए 83 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अंश बगाड़िया ने 34 गेंदों में शानदार 51 रन, जबकि अनिकेत वर्मा ने मात्र 20 गेंदों में 42 रन बनाए। अंतिम ओवरों में प्रांजुल पुरी (27) और कमल त्रिपाठी (नाबाद 20) की तेजतर्रार पारियों की बदौलत भोपाल ने 223 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
जबलपुर रॉयल लायंस की ओर से पंकज पटेल सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 30 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
224 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जबलपुर रॉयल लायंस को अर्पित गौड़ और अजय रोहेरा ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 88 रन जोड़कर टीम को मजबूत आधार दिया। अजय रोहेरा ने मात्र 17 गेंदों में 31 रन बनाए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसके बाद मैच के हीरो बने वेदांत अवस्थी, जिन्होंने दबाव की स्थिति में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंदों में 60 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। उनकी पारी में 5 छक्के और 3 चौके शामिल रहे। वेदांत ने इस प्रदर्शन के साथ एमपीएल में अर्धशतक लगाने वाले पहले पीडीपी (प्लेयर डेवलपमेंट प्रोग्राम) खिलाड़ी बनने का गौरव भी हासिल किया।
रितिक ताड़ा के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी निभाते हुए वेदांत ने टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया और जबलपुर रॉयल लायंस ने एक ओवर शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
मैच के बाद वेदांत अवस्थी ने कहा, “मैं लंबे समय से इस अवसर का इंतजार कर रहा था। मुझे खुशी है कि मुझे मौका मिला और मैं टीम की जीत में योगदान दे सका। हालांकि मैं मैच को अंत तक खत्म करना चाहता था, लेकिन टीम की जीत मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण है।”
यह जीत जबलपुर रॉयल लायंस के आत्मविश्वास को और मजबूत करेगी, जबकि वेदांत अवस्थी की पारी इस मुकाबले की सबसे बड़ी चर्चा बन गई।






