सांसद, विधायक, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक समेत हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
हाथरस, 21 जून 2026। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद हाथरस में जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम एवं रिजर्व पुलिस लाइन में भव्य योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद हाथरस अनूप प्रधान, सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सादाबाद विधायक गुड्डू चौधरी, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में आमजन ने सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर भगवान धन्वंतरि के चित्र पर पुष्प अर्पित करने के साथ किया गया। इस अवसर पर योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा योग के महत्व और उससे होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग (Yoga for Healthy Ageing)” रही। वक्ताओं ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक समग्र जीवनशैली है जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाती है। नियमित योगाभ्यास तनाव, चिंता और अनेक बीमारियों से बचाव में सहायक है तथा जीवन को संतुलित और सकारात्मक बनाता है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सांसद एवं विधायकों ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वैश्विक पहचान मिली है। आज पूरी दुनिया योग को स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार मानकर अपना रही है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कार्यक्रम में शामिल सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक सोच का आधार है। उन्होंने सभी से नियमित योगाभ्यास करने की अपील की।
इसी क्रम में रिजर्व पुलिस लाइन हाथरस के परेड ग्राउंड में अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक, प्रभारी निरीक्षक वामा सारथी सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में यह संदेश दिया गया कि योग एक ऐसी जीवनशैली है जो न केवल व्यक्ति को स्वस्थ रखती है, बल्कि समाज, पर्यावरण और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का भी बोध कराती है। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा नियमित योग करने के संकल्प के साथ हुआ।






