ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई: खोदना खुर्द में 12 करोड़ की सरकारी जमीन अतिक्रमण से मुक्त
ग्रेटर नोएडा, 22 जून 2026। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अवैध कब्जों और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ग्राम खोदना खुर्द में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 6000 वर्ग मीटर सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। मुक्त कराई गई भूमि की अनुमानित कीमत करीब 12 करोड़ रुपये आंकी गई है।
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार के निर्देश पर भूलेख एवं परियोजना विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार, ग्राम खोदना खुर्द के खसरा संख्या-502 की अर्जित एवं कब्जा प्राप्त प्राधिकरण भूमि पर कुछ कॉलोनाइजर अवैध रूप से प्लॉटिंग करने का प्रयास कर रहे थे, जिसे समय रहते ध्वस्त कर दिया गया।
यह अभियान वर्क सर्किल-2 के वरिष्ठ प्रबंधक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। कार्रवाई में प्रबंधक रोहित गुप्ता, सुपरवाइजर तथा प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मियों की टीम शामिल रही। लगभग दो घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माण एवं प्लॉटिंग से संबंधित अतिक्रमण को पूरी तरह हटाया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) सुमित यादव ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति अथवा बिना स्वीकृत नक्शे के किए जाने वाले किसी भी अवैध निर्माण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में किसी भी प्रकार की जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें और अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से बचें।
प्राधिकरण के महाप्रबंधक ए.के. सिंह ने बताया कि भविष्य में भी अवैध कब्जों और अनधिकृत प्लॉटिंग के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को दोबारा निर्माण करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की इस कार्रवाई को शहर में नियोजित विकास और सरकारी भूमि की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






