घंटों चले प्रदर्शन के बाद पुलिस ने जताया खेद, कथित धनराशि लौटाई गई
ग्रेटर नोएडा, भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ताओं ने किसानों एवं आम नागरिकों के साथ कथित अभद्र व्यवहार और भ्रष्टाचार के विरोध में मंगलवार को थाना इकोटेक-3 का घेराव कर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
भाकियू के गौतमबुद्धनगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने बताया कि ग्राम हबीबपुर निवासी हिमांशु कुमार के साथ 18 जून को मारपीट की घटना हुई थी, जिसके बाद थाना इकोटेक-3 पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराकर मुकदमा दर्ज किया। आरोप है कि बाद में दूसरे पक्ष के दबाव में पुलिस लगातार पीड़ित पर समझौते का दबाव बनाती रही।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
भाकियू नेताओं के अनुसार 22 जून की शाम पुलिस ने हिमांशु कुमार को समझौते के नाम पर थाने बुलाया और उन्हें वहीं रोक लिया। उन्हें छुड़ाने पहुंचे अन्य लोगों को भी थाने में बैठा लिया गया। आरोप है कि मौके पर मौजूद एक सब-इंस्पेक्टर ने भाकियू कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता की तथा लोगों को छोड़ने के नाम पर धनराशि भी वसूली गई।
घटना की जानकारी मिलते ही भाकियू गौतमबुद्धनगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी एवं दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ थाना इकोटेक-3 पहुंचे और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
कई घंटों तक चले प्रदर्शन के बाद थाना प्रभारी अजय कुमार मौके पर पहुंचे और थाना स्टाफ की ओर से खेद व्यक्त किया। भाकियू नेताओं के अनुसार कथित रूप से ली गई धनराशि वापस कराई गई तथा थाने में बैठे सभी लोगों को सम्मानपूर्वक छोड़ दिया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन अपने कार्यकर्ताओं और किसानों के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसानों के साथ इसी प्रकार का व्यवहार हुआ तो संगठन व्यापक आंदोलन शुरू करेगा।
बाद में एसीपी राजीव गुप्ता के साथ हुई वार्ता के पश्चात भाकियू ने अपना धरना-प्रदर्शन स्थगित कर दिया। संगठन ने कहा कि मामले में आगे की कार्रवाई पर नजर रखी जाएगी।
इस अवसर पर अनिल खारी, संजय फौजी, राजा चौधरी, यादराम नेता, रामपाल नेता, विपिन तंवर, सुन्दर तंवर, मनीत नागर, अमित नागर, मनवीर भाटी, कर्मवीर मावी, नवीन कसाना, अनूप नागर, नीतीश नागर, आज़ाद चौधरी, बिनोद कुमार, मोहित मावी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाकियू ने स्पष्ट किया कि किसानों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए संगठन आगे भी मजबूती से आवाज उठाता रहेगा।






