मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख की सहायता
घटनास्थल का किया निरीक्षण, केजीएमयू में घायलों से मिलकर समुचित इलाज के दिए निर्देश
लखनऊ, 22 जून 2026। राजधानी के अलीगंज क्षेत्र में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना अलीगढ़ दौरा बीच में ही रद्द कर तत्काल लखनऊ पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने अग्निकांड में जान गंवाने वाले बच्चों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे अलीगंज स्थित अग्निकांड स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने आग से प्रभावित भवन का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने समीप स्थित भवन की छत पर जाकर भी पूरे घटनास्थल का जायजा लिया और अधिकारियों से हादसे के कारणों एवं राहत कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि घटना के लिए जिम्मेदार किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
केजीएमयू पहुंचकर घायलों का जाना हाल
घटनास्थल के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) पहुंचे, जहां उन्होंने उपचाराधीन घायल बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस दौरान केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने मुख्यमंत्री को घायलों की स्वास्थ्य स्थिति और उपचार व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
शोक संतप्त परिवारों को दिया भरोसा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतक बच्चों के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि सरकार इस कठिन समय में पूरी तरह उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने भावुक परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, विधायक नीरज बोरा, अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा, अपर मुख्य सचिव (चिकित्सा) अमित कुमार घोष, डीजी फायर सर्विस सुजीत पांडेय, मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, जिलाधिकारी विशाख जी सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सरकार का संदेश स्पष्ट
अग्निकांड को लेकर प्रदेश सरकार पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत, बचाव, उपचार और जांच प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए हैं तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।






