सिरसा रोटरी से ईपीई कट तक सड़क की होगी रीसर्फेसिंग, 15 दिन तक रहेगा डायवर्जन
ग्रेटर नोएडा की सड़कों को बेहतर और सुगम बनाने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत का कार्य लगातार कराया जा रहा है। इसी क्रम में सिरसा रोटरी से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (EPE) कट तक लगभग 1.3 किलोमीटर लंबे मार्ग की रीसर्फेसिंग का कार्य शुरू किया गया है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-7 द्वारा यह कार्य कराया जा रहा है। सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को हो रही परेशानी को देखते हुए प्राधिकरण ने इस मार्ग को दुरुस्त करने का निर्णय लिया है।
रीसर्फेसिंग कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस मार्ग पर डायवर्जन लागू किया गया है। अब सिरसा रोटरी से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहन 60 मीटर रोड होते हुए डाढ़ा रोटरी से बैनेट यूनिवर्सिटी के रास्ते ईपीई तक जा सकेंगे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक नरोत्तम सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण एवं रीसर्फेसिंग का कार्य लगभग 15 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यातायात पुलिस के सहयोग से वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई है, जिससे वाहन चालकों को कम से कम असुविधा हो।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि कार्य अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए सहयोग प्रदान करें। सड़क सुधार कार्य पूरा होने के बाद इस मार्ग पर आवागमन और अधिक सुगम एवं सुरक्षित हो सकेगा।






