गूगल और वैश्विक निवेशकों के साथ सीएम योगी का ग्रोथ डायलॉग, एआई और नवाचार के जरिए विकसित उत्तर प्रदेश का रखा विजन
उत्तर प्रदेश को निवेश, नवाचार और प्रौद्योगिकी आधारित विकास का वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेंगलुरु दौरे के दौरान गूगल क्लाउड के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (सीटीओ) तरुण पंत और उनकी टीम के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), क्लाउड टेक्नोलॉजी, डिजिटल गवर्नेंस और नवाचार आधारित समाधानों के माध्यम से प्रदेश के विकास को नई गति देने पर व्यापक चर्चा हुई।
राउंड टेबल बैठकों और रोड शो से पूर्व आयोजित इस संवाद में मुख्यमंत्री ने किसानों, युवाओं, स्टार्टअप्स, एमएसएमई और आम नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार की विकासोन्मुखी योजनाओं और विजन को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में तकनीक आधारित सुशासन, डिजिटल सेवाओं और नवाचार को प्राथमिकता देते हुए विकास की नई इबारत लिखी जा रही है।
बैठक में मुख्यमंत्री ने गूगल टीम के साथ इस बात पर विचार-विमर्श किया कि एआई और आधुनिक तकनीक के माध्यम से सरकारी सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनसुलभ कैसे बनाया जा सकता है। किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को नए अवसर उपलब्ध कराने, स्टार्टअप संस्कृति को मजबूत करने और एमएसएमई क्षेत्र को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने पर भी चर्चा हुई।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गूगल के सीटीओ तरुण पंत एवं उनकी टीम ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत विकास दृष्टि की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश ने तकनीक आधारित विकास के लिए स्पष्ट और दूरदर्शी रोडमैप तैयार किया है। गूगल ने प्रदेश सरकार के साथ मिलकर एआई और डिजिटल तकनीकों के माध्यम से विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी जताई।
वैश्विक निवेशकों ने भी दिखाई रुचि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान देश और दुनिया की प्रमुख निवेश एवं प्रौद्योगिकी कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ भी संवाद किया। इनमें वेस्टब्रिज कैपिटल, एक्सेल पार्टनर्स, इनमोबी, यूलू, एनवीडिया, सर्वानएआई और ब्लैकस्टोन जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल रहे।
बैठकों में उत्तर प्रदेश में निवेश, स्टार्टअप इकोसिस्टम, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल नवाचार, रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने प्रदेश में विकसित हो रहे आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेशक-अनुकूल नीतियों की सराहना करते हुए उत्तर प्रदेश को देश का सबसे संभावनाशील निवेश गंतव्य बताया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
नवाचार और निवेश का नया केंद्र बनता उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज केवल जनसंख्या के आधार पर देश का सबसे बड़ा राज्य नहीं, बल्कि निवेश, नवाचार और उद्यमिता का भी तेजी से उभरता केंद्र है। एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, औद्योगिक कॉरिडोर, डिजिटल सेवाओं और पारदर्शी नीतियों ने प्रदेश को वैश्विक निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य बना दिया है।
बेंगलुरु में गूगल और प्रमुख वैश्विक निवेशकों के साथ हुए संवाद ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि उत्तर प्रदेश अब एआई, टेक्नोलॉजी, स्टार्टअप, निवेश और रोजगार सृजन के क्षेत्र में राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर तेजी से अग्रसर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वास जताया कि सरकार और उद्योग जगत के संयुक्त प्रयासों से विकसित भारत के संकल्प में उत्तर प्रदेश अग्रणी भूमिका निभाएगा।






