चौकीदार की बेटी के विवाह में सहपऊ पुलिस बनी सहारा, पुलिसकर्मियों ने जुटाकर दिए 31 हजार रुपये
जनपद हाथरस के थाना सहपऊ में पुलिसकर्मियों ने मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए एक सराहनीय पहल की है। थाना सहपऊ पर नियुक्त चौकीदार श्री रामवीर सिंह की पुत्री के विवाह अवसर पर थाना प्रभारी एवं समस्त पुलिसकर्मियों ने सहयोग की मिसाल पेश करते हुए आर्थिक सहायता प्रदान की।
दिनांक 23 जून 2026 को आयोजित विवाह समारोह के अवसर पर थाना सहपऊ में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आपसी सहयोग से 31,000 रुपये की धनराशि एकत्रित कर चौकीदार रामवीर सिंह को उनकी पुत्री के विवाह हेतु भेंट की।
पुलिसकर्मियों द्वारा किए गए इस सहयोग का उद्देश्य पुलिस परिवार के प्रत्येक सदस्य के सुख-दुख में सहभागी बनना तथा आपसी सहयोग, विश्वास और सौहार्द की भावना को मजबूत करना है। इस पहल ने यह संदेश दिया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक और मानवीय सरोकारों से भी गहराई से जुड़ी हुई है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
चौकीदार रामवीर सिंह एवं उनके परिवार ने पुलिस विभाग के इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। वहीं स्थानीय लोगों ने भी थाना सहपऊ पुलिस की इस संवेदनशील और मानवीय पहल की सराहना की।
हाथरस पुलिस की यह पहल पुलिस परिवार के भीतर एकजुटता, सहयोग और मानवीय मूल्यों को सशक्त करने का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है।






