ग्रेटर नोएडा/जेवर। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (ईएमसी) में अंबर ग्रुप की ₹6,785 करोड़ की निवेश परियोजना का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और वैश्विक साझेदार मौजूद रहे।
यह परियोजना यीडा के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर की पहली औद्योगिक परियोजना है, जिसे भारत को इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार की उद्योग-अनुकूल नीतियों, मजबूत आधारभूत संरचना और निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण के कारण उत्तर प्रदेश आज देश का सबसे आकर्षक निवेश गंतव्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि जो इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पाद कभी भारत आयात करता था, अब उनका निर्माण प्रदेश की धरती पर होगा और वे दुनिया के विभिन्न देशों में निर्यात किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जेवर, जो कभी कानून-व्यवस्था की चुनौतियों के लिए चर्चा में रहता था, आज सुशासन, निवेश और औद्योगिक विकास का नया प्रतीक बन चुका है।
अंबर ग्रुप की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत एसेंट-के सर्किट सेक्टर-10 में अत्याधुनिक विनिर्माण इकाई स्थापित करेगी, जहां हाई-डेंसिटी इंटरकनेक्ट (HDI) प्रिंटेड सर्किट बोर्ड, फ्लेक्सिबल प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (FPCB) तथा सेमीकंडक्टर सब्सट्रेट का निर्माण किया जाएगा। ये उत्पाद उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, औद्योगिक ऑटोमेशन और दूरसंचार जैसे क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण होंगे।
वहीं अंबर इंटरप्राइजेज सेक्टर-8 में लगभग 100 एकड़ क्षेत्रफल में रूम एयर कंडीशनर (RAC), कॉपर क्लैड लैमिनेट (CCL) तथा अन्य आवश्यक इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स के निर्माण के लिए आधुनिक उत्पादन इकाई स्थापित करेगी। इससे देश में इलेक्ट्रॉनिक्स और उपभोक्ता टिकाऊ उत्पादों के क्षेत्र में स्थानीय उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा तथा आयात पर निर्भरता कम होगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अंबर ग्रुप के एक्जीक्यूटिव चेयरमैन एवं सीईओ जसबीर सिंह ने कहा कि भारत में विनिर्माण क्षेत्र की अगली छलांग इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स के स्वदेशी उत्पादन पर आधारित होगी। उन्होंने कहा कि यह निवेश आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया और विकसित भारत के राष्ट्रीय विजन को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
परियोजना को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए दोनों इकाइयों को जीरो लिक्विड डिस्चार्ज (Zero Liquid Discharge) तकनीक के साथ विकसित किया जाएगा। इनमें अत्याधुनिक जल पुनर्चक्रण प्रणाली, संसाधनों के कुशल उपयोग और सतत विनिर्माण प्रक्रियाओं को अपनाया जाएगा।
यीडा के तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित होने वाली इन परियोजनाओं से विश्वस्तरीय लॉजिस्टिक्स, मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी और आधुनिक औद्योगिक बुनियादी ढांचे का लाभ मिलेगा। परियोजना के पूर्ण रूप से शुरू होने पर 3,000 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे तथा क्षेत्र में सहायक उद्योगों और आपूर्ति श्रृंखला (सप्लाई चेन) को भी नई मजबूती मिलेगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह निवेश उत्तर प्रदेश को इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के साथ-साथ भारत को वैश्विक सप्लाई चेन में मजबूत स्थान दिलाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।






