25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में सजेगा वैश्विक व्यापार का महाकुंभ
नोएडा। उत्तर प्रदेश सरकार ने एमएसएमई दिवस-2026 के अवसर पर शनिवार को नोएडा प्राधिकरण मुख्यालय, सेक्टर-96 में आयोजित भव्य ‘कर्टन रेज़र’ समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS-2026) के चौथे संस्करण की औपचारिक घोषणा की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि 25 से 29 सितंबर, 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाला यह आयोजन उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश संभावनाओं और वैश्विक व्यापारिक नेतृत्व को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय और प्रदेश सरकार के कई मंत्री, सांसद, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, निर्यातक, उद्यमी, विभिन्न उद्योग संगठनों के सदस्य तथा बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश आज प्रगतिशील औद्योगिक नीतियों, विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना, मजबूत एमएसएमई नेटवर्क और तेजी से बढ़ते निर्यात के कारण देश की सबसे तेज़ी से विकसित होती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो ने बेहद कम समय में वैश्विक व्यापारिक मंच के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है और यह आयोजन प्रदेश के उद्योगों, एमएसएमई, ओडीओपी उत्पादों और स्थानीय उद्यमों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन गया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मुख्यमंत्री ने कहा कि UPITS-2026 का प्रमुख आकर्षण इस बार ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन (ODOC)’ पहल होगी, जिसके माध्यम से प्रदेश के सभी जनपदों की पारंपरिक खाद्य संस्कृति, स्थानीय व्यंजन और खाद्य उद्योगों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार विभिन्न सरकारी विभागों और प्राधिकरणों की भागीदारी पहले से अधिक व्यापक होगी, जिससे आयोजन और अधिक प्रभावशाली बनेगा।
एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो देश के सबसे प्रभावशाली राज्य स्तरीय व्यापारिक आयोजनों में शामिल हो चुका है। यह मंच एमएसएमई, ओडीओपी उद्यमों, स्टार्टअप्स, कारीगरों और बड़े उद्योगों को नवाचार प्रदर्शित करने, नए व्यापारिक साझेदार बनाने तथा वैश्विक बाजारों तक पहुंचने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि UPITS-2026 प्रदेश के औद्योगिक विकास और निर्यात को नई गति देगा।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के औद्योगिक विकास को गति देने वाली कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। इनमें रायबरेली, मऊ, प्रयागराज, प्रतापगढ़ और महोबा में एमएसएमई क्लस्टर पार्कों का शिलान्यास, लखनऊ में ट्रेड प्रमोशन सेंटर की आधारशिला, वाराणसी में ओडीओपी कॉमन फैसिलिटी सेंटर का लोकार्पण तथा कौशाम्बी और गोंडा में नए कॉमन फैसिलिटी सेंटरों का शिलान्यास शामिल है। इसके अलावा कानपुर नगर, रायबरेली और अयोध्या के मिनी औद्योगिक आस्थानों के उन्नयन कार्यों का शुभारंभ तथा वाराणसी, शामली और अमेठी में जिला उद्योग केंद्र भवनों की आधारशिला भी रखी गई।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना एवं वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना के लाभार्थियों को टूलकिट वितरित किए तथा उत्कृष्ट उद्यमियों को माटी कला शिल्पकारी पुरस्कार और खादी ग्रामोद्योग पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
आयोजकों के अनुसार पिछले तीन संस्करणों में UPITS ने उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, एमएसएमई, ओडीओपी उत्पादों और निर्यात संभावनाओं को वैश्विक पहचान दिलाई है। वर्ष 2025 के संस्करण में 5.07 लाख से अधिक आगंतुक, 1.40 लाख से अधिक बी2बी विजिटर्स, 2,228 प्रदर्शक तथा 85 देशों के 550 से अधिक विदेशी खरीदारों ने भाग लेकर इसे देश के सबसे सफल व्यापारिक आयोजनों में शामिल किया।
इस वर्ष UPITS-2026 में देश-विदेश के प्रमुख उद्योग समूहों, निर्यातकों, स्टार्टअप्स, निवेशकों, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों और संस्थागत खरीदारों की रिकॉर्ड भागीदारी की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश सरकार का लक्ष्य इस संस्करण को अब तक का सबसे बड़ा और सबसे प्रभावशाली ट्रेड शो बनाना है, जो प्रदेश को वैश्विक व्यापार, विनिर्माण, निवेश और निर्यात का अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।






