1,526 पुलिसकर्मी और दो कंपनी पीएसी रहेंगी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात
हाथरस। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 28 जून को प्रस्तावित हाथरस दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने यूपीसीडा, सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कार्यक्रम की शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन सुनिश्चित करने के लिए ड्यूटी में तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हेलीपैड, मुख्य मंच, जनसभा स्थल, पंडाल, विशिष्ट अतिथि दीर्घा, मीडिया गैलरी, लोकार्पण एवं शिलान्यास स्थल, प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग, बैरिकेडिंग, आपातकालीन सेवाओं तथा भीड़ प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने ड्यूटी स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर प्रत्येक व्यवस्था को समय रहते सुनिश्चित करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय से ड्यूटी स्थल पर पहुंचने, पूर्ण सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा आपसी समन्वय बनाए रखते हुए कार्यक्रम को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। साथ ही आयोजकों के साथ बेहतर समन्वय, शालीन व्यवहार तथा आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखने पर भी जोर दिया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि कार्यक्रम के लिए प्वाइंट-टू-प्वाइंट सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। रूट ड्यूटी में लगे अधिकारियों को पहले से ही मार्ग का निरीक्षण कर निर्बाध यातायात, रूट डायवर्जन एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम समाप्त होने और उनके जनपद से प्रस्थान करने के बाद ही ड्यूटी में तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने स्थानों से हटेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। कार्यक्रम की सुरक्षा में 4 अपर पुलिस अधीक्षक, 10 क्षेत्राधिकारी, 63 निरीक्षक, 315 उपनिरीक्षक, 25 महिला उपनिरीक्षक, 560 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी, 105 महिला पुलिसकर्मी, 3 यातायात निरीक्षक, 11 यातायात उपनिरीक्षक, 55 यातायात पुलिसकर्मी, 75 महिला रिक्रूट आरक्षी तथा 300 रिक्रूट आरक्षी सहित कुल 1,526 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए दो कंपनी पीएसी भी लगाई गई है।
जिला प्रशासन ने कहा कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम पूरी सुरक्षा, सुव्यवस्थित प्रबंधन और गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन का प्रयास है कि कार्यक्रम के दौरान आमजन की सुरक्षा, सुविधा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे तथा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






