जेवर के बी-पैक्स थोरा में मॉडल पैक्स चौपाल का आयोजन, किसानों को योजनाओं और सहकारिता से जोड़ा
गौतमबुद्धनगर, सहकारिता विभाग, उत्तर प्रदेश एवं सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में तहसील जेवर के ब्लॉक जेवर स्थित प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति (बी-पैक्स) थोरा में “मॉडल पैक्स चौपाल” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, ग्रामीणों एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक निबंधक, सहकारिता गौतमबुद्धनगर विवेक यादव रहे। उनके साथ सहायक निबंधक कार्यालय के अधिकारी, पैक्स सचिव, समिति कर्मचारी एवं क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर ग्राम प्रधान भभोकरा यतेंद्र अत्रि, संचालक मंडल के सदस्य शोभा राम एवं विजय तथा समिति सचिव ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अपने संबोधन में विवेक यादव ने कहा कि “मॉडल पैक्स ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। सरकार का उद्देश्य पैक्स को बहुउद्देशीय सेवा केंद्र के रूप में विकसित कर किसानों को बीज, खाद, ऋण, भंडारण, डिजिटल सेवाएं तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराना है।”
उन्होंने किसानों से ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प को साकार करने के लिए पैक्स से अधिकाधिक जुड़ने, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), डिजिटल लेनदेन एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
चौपाल के दौरान किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। कार्यक्रम का संचालन सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) आलोक रंजन सिंह ने किया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने क्षेत्र के वरिष्ठ एवं बुजुर्ग किसानों का माल्यार्पण कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में पैक्स प्रबंधक ने सभी अतिथियों, किसानों एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया।
यह आयोजन सहकारिता के माध्यम से किसानों को सशक्त बनाने, सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने तथा ग्रामीण विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।






