ग्रेटर नोएडा। श्रावण मास व कांवड़ यात्रा को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस अलर्ट, अधिकारियों को दिए व्यापक सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के निर्देश
आगामी श्रावण मास एवं श्रावण शिवरात्रि पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं डीसीपी सेंट्रल नोएडा श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में एडीसीपी सेंट्रल नोएडा श्री स्वतंत्र कुमार सिंह ने पुलिस कार्यालय सूरजपुर में सेंट्रल नोएडा के समस्त एसीपी, कांवड़ रूट से संबंधित थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों एवं बीट प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी आयोजित की।
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में कांवड़ यात्रा से संबंधित कांवड़ रजिस्टर तैयार करें तथा स्थानीय स्तर पर पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर सभी समुदायों एवं आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित करें, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसके साथ ही कांवड़ मार्गों पर गड्ढों, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विशेष रूप से डीजे संचालकों के साथ बैठक कर शासन के निर्धारित मानकों का पालन कराने के निर्देश दिए गए। स्पष्ट किया गया कि कांवड़ यात्रा में प्रयुक्त होने वाले डीजे की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होगी। साथ ही शिविर एवं पंडाल संचालकों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता के साथ कार्य करते हुए किसी भी प्रकार की समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






