अंतर्राष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस पर जी.डी. गोयंका पब्लिक स्कूल में जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों ने दिया ‘प्लास्टिक हटाओ, पर्यावरण बचाओ’ का संदेश
ग्रेटर नोएडा, जी.डी. गोयंका पब्लिक स्कूल, स्वर्ण नगरी, ग्रेटर नोएडा में अंतर्राष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस के अवसर पर कक्षा IX-B के छात्र-छात्राओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विशेष सभा एवं जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पोस्टर, स्लोगन, प्रेरक भाषण और प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों को रेखांकित करते हुए कपड़े एवं जूट के थैलों के उपयोग का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने बताया कि प्लास्टिक बैग कुछ मिनटों की सुविधा तो देते हैं, लेकिन इन्हें प्राकृतिक रूप से नष्ट होने में 100 से 500 वर्ष तक का समय लग सकता है। यह भूमि की उर्वरता को प्रभावित करने के साथ-साथ नदियों, समुद्रों और जलीय जीवों के लिए भी गंभीर खतरा बन चुके हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों ने सभी से अपील की कि बाजार जाते समय कपड़े या जूट के थैले का उपयोग करें तथा प्लास्टिक बैग से पूरी तरह दूरी बनाएं। उन्होंने यह भी कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण जैसी गंभीर समस्या का समाधान केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जागरूकता और व्यवहार में बदलाव से संभव है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत छोटी-छोटी आदतों में बदलाव से होती है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्लास्टिक बैग के स्थान पर कपड़े या जूट के थैले का उपयोग करने का संकल्प ले, तो स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त पर्यावरण का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सदैव जागरूक रहने की शपथ ली। सभा का समापन “प्लास्टिक हटाओ, पर्यावरण बचाओ” के सामूहिक संदेश के साथ हुआ।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






