लखनऊ, 6 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक फरियादी से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ‘नर सेवा को नारायण सेवा’ मानकर कार्य कर रही है और प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों के हित एवं कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्यरत है। उन्होंने जरूरतमंद लोगों को आवास उपलब्ध कराने तथा गंभीर बीमारियों से पीड़ित व्यक्तियों के उपचार के लिए हर संभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन समस्याओं के समाधान में पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और प्रत्येक नागरिक को समय पर न्याय दिलाना है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जनता दर्शन के दौरान प्राप्त अवैध कब्जे से संबंधित शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यदि कोई दबंग किसी की भूमि पर अवैध कब्जा करता है तो उसके विरुद्ध तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाए। ऐसे मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करते हुए पीड़ित को न्याय दिलाया जाए तथा उसकी संतुष्टि का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की मंशा स्पष्ट है—हर नागरिक की समस्या का त्वरित समाधान हो और आमजन का सरकार पर विश्वास और अधिक मजबूत बने। जनता दर्शन इसी उद्देश्य की पूर्ति का प्रभावी माध्यम है, जहां आमजन अपनी समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रखकर समाधान की उम्मीद के साथ पहुंचते हैं।






